IND vs WI 2nd ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट पर 405 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। इस तरह भारत के सामने मैच जीतने के लिए 406 रन का लक्ष्य है।

सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने तिरुअनंतपुरम में वेस्टइंडीज को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से हराया था। उस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई थी। अब भारत की नजरें दूसरे वनडे में जीत दर्ज कर सीरीज पर अजेय बढ़त बनाने पर हैं, जबकि वेस्टइंडीज की टीम इस मुकाबले के जरिए सीरीज में वापसी करना चाहती है।

तीन बल्लेबाजों ने जड़े शतक

वेस्टइंडीज की पारी की सबसे खास बात यह रही कि उसके तीन बल्लेबाजों ने शतकीय पारियां खेलीं। अमीर जांगू ने टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 114 रन बनाए। यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक है।

कप्तान शाई होप ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 104 रन बनाए। यह उनके वनडे करियर का 20वां और भारत के खिलाफ चौथा शतक है। वहीं, सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल ने 101 रन की तेजतर्रार पारी खेली। उन्होंने महज 65 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक है।

कैंपबेल ने बनाया खास रिकॉर्ड

जॉन कैंपबेल ने शतक के साथ भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज की ओर से सबसे तेज वनडे सेंचुरी का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड रिकार्डो पॉवेल के नाम था, जिन्होंने 1999 में सिंगापुर में 72 गेंदों पर शतक लगाया था। वहीं, शिमरोन हेटमायर ने 2018 में गुवाहाटी में 74 गेंदों में शतक जड़ा था।

इन तीनों के अलावा रोस्टन चेज़ ने 29, शमर जोसेफ ने 14, कीसी कार्टी ने 9, अल्ज़ारी जोसेफ ने 8 और कीमो पॉल ने 3 रन बनाए। शेरफेन रदरफोर्ड अपना खाता भी नहीं खोल सके।

भारत की ओर से गुरनूर बराड़, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को एक सफलता मिली।

पहली बार एक वनडे में वेस्टइंडीज के तीन बल्लेबाजों के शतक

वेस्टइंडीज की यह पारी उसके वनडे इतिहास में भी खास बन गई। यह पहली बार है जब किसी वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज के तीन बल्लेबाजों ने शतक जड़े हैं। जॉन कैंपबेल, शाई होप और अमीर जांगू की शतकीय पारियों के दम पर टीम ने गुवाहाटी में बड़ा स्कोर खड़ा किया।

वनडे में वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा स्कोर

392/7 रन के साथ वेस्टइंडीज ने वनडे क्रिकेट में अपना नया सर्वोच्च टीम स्कोर दर्ज किया है। इससे पहले उसका सबसे बड़ा स्कोर 389 रन था, जो उसने 27 फरवरी 2019 को सेंट जॉर्ज्स में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। इसके अलावा वेस्टइंडीज ने 2025 में आयरलैंड के खिलाफ 385/7, 2019 में आयरलैंड के खिलाफ 381/3 और 2023 में नीदरलैंड्स के खिलाफ 374/6 का स्कोर बनाया है।

भारत में भी बनाया नया रिकॉर्ड

गुवाहाटी में बनाया गया यह स्कोर भारत में भी वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा वनडे टोटल है। इससे पहले भारत में उसका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 1983 में जमशेदपुर में भारत के खिलाफ 333/8 था। इसके बाद 2002 में अहमदाबाद में वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ 324/4 रन बनाए थे।

भारत के सामने ऐतिहासिक रन चेज की चुनौती

अब भारतीय टीम के सामने 406 रन का लक्ष्य है। वनडे क्रिकेट में भारत का सबसे बड़ा सफल रन चेज 360 रन का है, जिसे उसने 2013 में जयपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हासिल किया था। भारत ने इसके अलावा 2013 में नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 351 रन और 2017 में पुणे में इंग्लैंड के खिलाफ 351 रन के लक्ष्य का भी सफल पीछा किया है।

गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों के प्रदर्शन के बाद अब भारत के बल्लेबाजों पर बड़ा दबाव होगा। टीम इंडिया को सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाने के लिए 406 रन के लक्ष्य को हासिल करना होगा।

भारत और वेस्टइंडीज की प्लेइंग-11

भारतीय टीम इस मुकाबले में एक बदलाव के साथ उतर रही है। नीतीश कुमार की जगह औकिब नबी को मौका दिया गया है, जबकि वेस्टइंडीज की टीम में 4 बदलाव हुए हैं।

भारत

रोहित शर्मा, शुबमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, रवींद्र जड़ेजा, औकिब नबी, गुरनूर बराड़, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा

वेस्टइंडीज

जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), अमीर जांगू, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज़, कीमो पॉल, अल्ज़ारी जोसेफ, शमर जोसेफ, जेडेन सील्स, विटेल लॉज़

टीवी और मोबाइल पर कहां देख सकते हैं मैच?

भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। वहीं मोबाइल, लैपटॉप और स्मार्ट टीवी पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar पर उपलब्ध है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H