IND vs ZIM 3rd T20I: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला आज हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। मैच में भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच के लिए भारतीय टीम ने दो बदलाव किए हैं। प्रिंस यादव की जगह अशोक शर्मा को टीम में शामिल किया गया है। वहीं शिवम दुबे की जगह सूर्यांश शेडगे आए हैं।

तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले दोनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने वाली श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। ऐसे में भारतीय टीम की नजर अब जिम्बाब्वे का क्लीन स्वीप करने पर होगी। वहीं, मेजबान टीम आखिरी मुकाबला जीतकर सम्मान बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
बता दें कि भारत और जिम्बाब्वे के बीच यह मुकाबला आज दोपहर 4:30 बजे से हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। मुकाबले से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग इलेवन, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
भारत बनाम जिम्बाब्वे हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी?

भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें भारतीय टीम ने 13 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि जिम्बाब्वे को सिर्फ 3 मुकाबलों में सफलता मिली है। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पूरी तरह भारत के पक्ष में नजर आता है और मौजूदा फॉर्म को देखते हुए भी टीम इंडिया का पलड़ा भारी माना जा रहा है।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब पिच रिपोर्ट (IND vs ZIM 3rd T20I)

हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। हालांकि, नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में स्विंग और सीम मूवमेंट मिल सकती है। इस मैदान पर हाल के मुकाबलों में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला है। पहले मैच में भारत ने 126 रनों का लक्ष्य सिर्फ 13.2 ओवर में हासिल कर लिया था। वहीं, दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इससे साफ है कि इस पिच पर रन बनाना अपेक्षाकृत आसान रहा है। हालांकि, यदि गेंदबाज सही लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करें, तो उन्हें भी सफलता मिल सकती है, जैसा कि भारतीय गेंदबाजों ने दोनों मैचों में साबित किया।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सर्वोच्च स्कोर 259 रन है, जबकि सबसे कम स्कोर 71 रन दर्ज किया गया है। इस मैदान पर 194 रन का लक्ष्य भी सफलतापूर्वक चेज किया जा चुका है। वहीं, पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर लगभग 158 रन रहा है।
मौसम की बात करें तो आज हरारे में आसमान साफ रहने की संभावना है। बारिश की कोई आशंका नहीं है, जबकि तापमान 10 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
श्रेयस अय्यर ने बतौर कप्तान जीती पहली टी20 सीरीज

श्रेयस अय्यर को आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। हालांकि, उस सीरीज में भारत को 2-0 से हार का सामना करना पड़ा और अय्यर की कप्तानी की शुरुआत निराशाजनक रही।
इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी भारतीय टीम को 4-0 से हार मिली, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया।
हालांकि, जिम्बाब्वे दौरे पर अय्यर की अगुवाई में टीम इंडिया ने शानदार वापसी करते हुए सीरीज अपने नाम कर ली। बतौर टी20 कप्तान यह उनकी पहली सीरीज जीत है। अब उनकी नजर आखिरी मुकाबला जीतकर पहली बार किसी टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर होगी।
भारत और जिम्बाब्वे की प्लेइंग 11
भारत की प्लेइंग 11

वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, रवि बिश्नोई, अशोक शर्मा, यश ठाकुर, मयंक यादव
जिम्बाब्वे की प्लेइंग 11

ब्रायन बेनेट, बेन कुरेन, डायोन मायर्स, सिकंदर रज़ा (कप्तान), रयान बर्ल, वेस्ली मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामुरी, वेलिंगटन मसाकाद्ज़ा, ब्लेसिंग मुज़ारबानी
IND vs ZIM 3rd T20I कहां देखें लाइव ?
भारत और जिम्बाब्वे के बीच 3 टी20 मैचों की सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला Unite8 Sports Network पर लाइव प्रसारित किया जाएगा। यह मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स या सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर उपलब्ध नहीं होगा। मोबाइल, लैपटॉप और स्मार्ट टीवी पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग FanCode ऐप और वेबसाइट पर होगी। इसके लिए दर्शकों को सब्सक्रिप्शन लेना होगा।

यदि आपके पास DD Free Dish कनेक्शन है, तो आप डीडी स्पोर्ट्स पर यह मुकाबला बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के देख सकते हैं। हालांकि अन्य डीटीएच प्लेटफॉर्म पर डीडी स्पोर्ट्स के जरिए मैच उपलब्ध नहीं होगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


