IND vs ZIM 3rd T20I: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला आज हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए। अब सीरीज में क्लीन स्वीप करने के लिए भारत को जिम्बाब्वे को 193 रन का लक्ष्य हासिल करने से रोकना होगा।

वैभव सूर्यवंशी ने खेली शानदार पारी

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा दूसरे ओवर में महज 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटके के बाद वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए अहम साझेदारी की। इस दौरान वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का दूसरा अर्धशतक पूरा किया। वहीं, ईशान किशन 29 रन बनाकर आउट हो गए।

श्रेयस और वैभव ने तेज की रनगति

ईशान के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर तेजी से रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया।

हालांकि, अच्छी लय में दिख रहे दोनों बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। पहले श्रेयस अय्यर 27 रन बनाकर आउट हुए, जबकि इसके बाद वैभव सूर्यवंशी 81 रन की शानदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे।

अंतिम ओवरों में रिंकू सिंह ने 25 रन की तेज पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा 11 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 192 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

ब्रैड इवांस रहे जिम्बाब्वे के सबसे सफल गेंदबाज

जिम्बाब्वे की ओर से ब्रैड इवांस सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 2 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा कप्तान सिकंदर रज़ा, ब्लेसिंग मुज़ारबानी और वेस्ली मधेवेरे को 1-1 विकेट मिला।

अब जिम्बाब्वे के सामने सीरीज का आखिरी मुकाबला जीतने के लिए 193 रन का कठिन लक्ष्य है, जबकि भारत की नजर इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने पर होगी।

श्रेयस अय्यर ने बतौर कप्तान जीती पहली टी20 सीरीज

श्रेयस अय्यर को आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। हालांकि, उस सीरीज में भारत को 2-0 से हार का सामना करना पड़ा और अय्यर की कप्तानी की शुरुआत निराशाजनक रही।

इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी भारतीय टीम को 4-0 से हार मिली, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया।

हालांकि, जिम्बाब्वे दौरे पर अय्यर की अगुवाई में टीम इंडिया ने शानदार वापसी करते हुए सीरीज अपने नाम कर ली। बतौर टी20 कप्तान यह उनकी पहली सीरीज जीत है।

भारत और जिम्बाब्वे की प्लेइंग 11

भारत की प्लेइंग 11

वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, रवि बिश्नोई, अशोक शर्मा, यश ठाकुर, मयंक यादव

जिम्बाब्वे की प्लेइंग 11

ब्रायन बेनेट, बेन कुरेन, डायोन मायर्स, सिकंदर रज़ा (कप्तान), रयान बर्ल, वेस्ली मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामुरी, वेलिंगटन मसाकाद्ज़ा, ब्लेसिंग मुज़ारबानी

IND vs ZIM 3rd T20I कहां देखें लाइव ?

भारत और जिम्बाब्वे के बीच 3 टी20 मैचों की सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला Unite8 Sports Network पर लाइव प्रसारित किया जा रहा है। यह मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स या सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर उपलब्ध नहीं है। मोबाइल, लैपटॉप और स्मार्ट टीवी पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग FanCode ऐप और वेबसाइट पर हो रही है। इसके लिए दर्शकों को सब्सक्रिप्शन लेना होगा।

यदि आपके पास DD Free Dish कनेक्शन है, तो आप डीडी स्पोर्ट्स पर यह मुकाबला बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के देख सकते हैं। हालांकि अन्य डीटीएच प्लेटफॉर्म पर डीडी स्पोर्ट्स के जरिए मैच उपलब्ध नहीं होगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H