IND-W vs PAK-W, Women’s T20 World Cup 2026: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में आज भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने हैं। बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेले जा रहे इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।

हरमनप्रीत कौर ने टॉस के बाद बताया कि एजबेस्टन की पिच बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी नजर आ रही है, इसलिए टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है और बोर्ड पर बड़ा स्कोर खड़ा करने की कोशिश करेगी। भारतीय कप्तान ने प्लेइंग-11 की जानकारी देते हुए बताया कि भारती फुलमाली को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। भारतीय टीम इस मुकाबले में तीन स्पिनर और दो तेज गेंदबाजों के संयोजन के साथ मैदान पर उतरी है।

हरमनप्रीत कौर ने फातिमा सना से नहीं मिलाया हाथ
भारत और पाकिस्तान के बीच महिला टी20 विश्व कप मुकाबले से पहले एक बार फिर हैंडशेक का मुद्दा चर्चा में आ गया। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस के दौरान पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना के साथ हाथ नहीं मिलाया। इससे पहले भी भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबलों में हैंडशेक को लेकर अपनी अलग नीति अपनाती रही है। मैच से पहले हरमनप्रीत ने साफ कहा था कि टीम का पूरा ध्यान सिर्फ क्रिकेट पर है।
जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी टीम इंडिया
भारतीय महिला टीम इस बार बड़े लक्ष्य के साथ विश्व कप में उतरी है। पिछले साल वनडे विश्व कप जीतकर इतिहास रचने के बाद अब टीम की नजर पहली बार महिला टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतने पर है।

हालांकि टूर्नामेंट से पहले भारत को दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बावजूद टीम को खिताब के प्रमुख दावेदारों में गिना जा रहा है।
ओपनिंग जोड़ी पर रहेंगी निगाहें

भारतीय बल्लेबाजी क्रम में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर जैसी अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं। खास तौर पर स्मृति और शेफाली की ओपनिंग जोड़ी से तेज शुरुआत की उम्मीद होगी। हाल के मुकाबलों में दोनों बड़ी साझेदारी नहीं कर सकी हैं, ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ उनका प्रदर्शन टीम की सफलता में अहम भूमिका निभा सकता है। मध्यक्रम में ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा भी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती हैं।

पाकिस्तान के सामने भी चुनौतियां
दूसरी ओर पाकिस्तान की टीम पिछले कुछ टी20 विश्व कप संस्करणों में लगातार संघर्ष करती रही है। 2016 के बाद से पाकिस्तान किसी एक टी20 विश्व कप सीजन में एक से अधिक मैच नहीं जीत पाया है। टीम की कप्तान फातिमा सना की फिटनेस भी चर्चा का विषय बनी हुई है। अभ्यास सत्र के दौरान उनके घुटने में चोट लगी थी, हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक वह भारत के खिलाफ मुकाबले के लिए उपलब्ध रह सकती हैं।
हेड टू हेड में भारत का दबदबा

भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच अब तक 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान केवल तीन बार जीत हासिल कर पाया है। वहीं महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में दोनों टीमें आठ बार आमने-सामने आई हैं, जिसमें भारत ने छह और पाकिस्तान ने दो मुकाबले जीते हैं। पिछली बार 2024 टी20 विश्व कप में दोनों टीमों की भिड़ंत हुई थी, जहां भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया था।
भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत
स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़
पाकिस्तान
गुल फ़िरोज़ा, मुनीबा अली (विकेटकीपर), आयशा ज़फर, सायरा जबीन, आलिया रियाज़, नतालिया परवेज़, फातिमा सना (कप्तान), रमीन शमीम, नशरा संधू, तस्मिया रुबाब, सादिया इकबाल
कहां देख सकेंगे मैच का लाइव प्रसारण और स्ट्रीमिंग

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जा रहा है। वहीं मोबाइल और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शक जियो हॉटस्टार ऐप के जरिए मैच की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।
मुकाबले पर करोड़ों प्रशंसकों की नजरें
विश्व कप जैसे बड़े मंच पर भारत और पाकिस्तान की टक्कर हमेशा खास होती है। ऐसे में दोनों टीमें जीत के साथ अपने अभियान का आगाज करना चाहेंगी। भारतीय टीम के पास अनुभव और रिकॉर्ड का साथ है, जबकि पाकिस्तान उलटफेर कर टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत करने की कोशिश करेगा। ऐसे में एजबेस्टन में होने वाला यह मुकाबला विश्व कप के शुरुआती चरण का सबसे चर्चित मैच साबित हो सकता है।
भारत के ग्रुप चरण का पूरा शेड्यूल

17 जून – भारत बनाम नीदरलैंड्स, लीड्स
21 जून – भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, मैनचेस्टर
25 जून – भारत बनाम बांग्लादेश, मैनचेस्टर
28 जून – भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, लंद
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

