IND-W vs PAK W, Women’s T20 World Cup 2026: महिला टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच शुरू हो चुका है और भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 14 जून को बर्मिंघम में खेला जाएगा। क्रिकेट जगत की निगाहें इस हाई-वोल्टेज मैच पर टिकी हुई हैं, क्योंकि विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले हमेशा से खास रहे हैं।

बता दें कि इस बार महिला टी20 विश्व कप का आयोजन इंग्लैंड और वेल्स में किया जा रहा है। टूर्नामेंट का यह 10वां संस्करण कई मायनों में ऐतिहासिक है, क्योंकि पहली बार 12 टीमें खिताब की दौड़ में हिस्सा ले रही हैं। 12 जून से शुरू हुए इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 5 जुलाई को खेला जाएगा।

पहली बार 12 टीमों के बीच होगी खिताब की जंग

टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-ए में भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स शामिल हैं। वहीं ग्रुप-बी में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, आयरलैंड और स्कॉटलैंड की टीमें हैं।

भारतीय टीम 2025 महिला वनडे विश्व कप का खिताब जीतकर इस टूर्नामेंट में उतर रही है। ऐसे में कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम से प्रशंसकों को बड़ी उम्मीदें हैं। टीम इंडिया अब तक एक बार महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है, लेकिन खिताब जीतने में सफल नहीं हो सकी है।

आसान नहीं होगा ट्रॉफी तक का सफर

ग्रुप-ए में भारतीय टीम के सामने छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और मजबूत दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों की चुनौती होगी। इसके अलावा बांग्लादेश और नीदरलैंड्स जैसी टीमों को भी हल्के में नहीं लिया जा सकता। यदि भारत को पहली बार महिला टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतनी है तो उसे ग्रुप चरण से लेकर नॉकआउट तक लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा।

कब और कहां खेला जाएगा IND-W vs PAK W मैच?

महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला इंग्लैंड के बर्मिंघम में भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेला जाएगा।

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज करना चाहेगी, जबकि फातिमा सना की अगुवाई वाली पाकिस्तान टीम उलटफेर कर अपने अभियान की शानदार शुरुआत करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। क्रिकेट जगत की निगाहें इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी होंगी, क्योंकि भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले हमेशा से फैंस के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहे हैं।

पाकिस्तान के खिलाफ भारत का पलड़ा है भारी

भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच अब तक 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ तीन मुकाबलों में सफलता मिली है। आंकड़े साफ तौर पर भारत के पक्ष में नजर आते हैं, लेकिन विश्व कप जैसे बड़े मंच पर किसी भी टीम को कमतर नहीं आंका जा सकता।

महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में भी दोनों टीमों के बीच आठ मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने छह और पाकिस्तान ने दो मैच जीते हैं।

भारत का पूरा ग्रुप चरण कार्यक्रम

14 जून – भारत बनाम पाकिस्तान, बर्मिंघम

17 जून – भारत बनाम नीदरलैंड्स, लीड्स

21 जून – भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, मैनचेस्टर

25 जून – भारत बनाम बांग्लादेश, मैनचेस्टर

28 जून – भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, लंदन

Women’s T20 World Cup 2026 के लिए भारत और पाकिस्तान का स्क्वाड

भारतीय महिला टीम

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया, दीप्ति शर्मा, श्रेयांका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी।

पाकिस्तान महिला टीम

फातिमा सना शेख (कप्तान), आयशा जफर, अयमान फातिमा, इरम जावेद, मुनीबा अली सिद्दीकी, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, सायरा जबीन, डायना बेग, गुल फिरोजा, नशरा संधू, रामीन शमीम, सादिया इकबाल, तस्मिया रुबाब, तूबा हसन।

कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

भारत और पाकिस्तान के बीच महिला टी20 विश्व कप 2026 के इस महामुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा। वहीं मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।

भारतीय फैंस को उम्मीद होगी कि हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम विश्व कप अभियान की शुरुआत जीत के साथ करे और पाकिस्तान को हराकर खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ाए।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H