India vs Brazil Football Match: भारतीय फुटबॉल के लिए आज का दिन बेहद खास है। पांच बार की फीफा विश्व चैंपियन ब्राजील की सीनियर पुरुष फुटबॉल टीम आज भारत के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। दोनों टीमों के बीच अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली मुकाबला कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (सॉल्ट लेक स्टेडियम) में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।
यह पहली बार है जब ब्राजील की सीनियर पुरुष राष्ट्रीय टीम भारत की जमीन पर कोई मुकाबला खेलेगी। ऐसे में इस मैच को भारतीय फुटबॉल इतिहास के यादगार मुकाबलों में गिना जा रहा है। ब्राजील दुनिया की सबसे सफल पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीमों में शामिल है और उसके करोड़ों प्रशंसक भारत में भी हैं।
भारत में पहली बार उतरेगी ब्राजील की सीनियर टीम
ब्राजील के कई दिग्गज खिलाड़ी पहले भारत का दौरा कर चुके हैं, लेकिन उसकी सीनियर राष्ट्रीय टीम पहली बार भारतीय मैदान पर खेलने जा रही है। इनमें महान फुटबॉलर पेले का नाम भी शामिल है।

सितंबर 1977 में पेले न्यूयॉर्क कॉसमॉस की ओर से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में मोहन बागान के खिलाफ प्रदर्शनी मैच खेलने उतरे थे। उस मुकाबले को देखने के लिए 80 हजार से अधिक दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे। रोमांचक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ था।
रैंकिंग में बड़ा अंतर, भारत के लिए बड़ी चुनौती
फीफा विश्व रैंकिंग में ब्राजील पांचवें स्थान पर है, जबकि भारत 138वें स्थान पर है। वर्ष 1992 में फीफा विश्व रैंकिंग शुरू होने के बाद से यह भारत के खिलाफ खेलने वाली सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीम होगी।
ब्राजील की टीम को दुनिया भर में ‘सेलेसाओ’ के नाम से जाना जाता है। पांच बार की विश्व चैंपियन टीम ने फुटबॉल की कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है। भारत भी ब्राजील के बाहर उसके सबसे बड़े प्रशंसक आधार वाले देशों में शामिल माना जाता है। यही वजह है कि कोलकाता में होने वाले इस मुकाबले को लेकर फुटबॉल प्रेमियों में खासा उत्साह है।
पनामा को 1-1 से ड्रॉ पर रोककर आ रही है टीम इंडिया
ब्राजील के खिलाफ मुकाबले से पहले भारतीय टीम ने अपने पिछले मैच में 44वीं रैंक वाली पनामा की टीम को 1-1 की बराबरी पर रोका था। बेंगलुरु में खेले गए इस मुकाबले में रयान विलियम्स ने पहले हाफ में गोल कर भारत को बढ़त दिलाई थी।
दूसरे हाफ में ओमर वालेंसिया ने पनामा के लिए बराबरी का गोल किया और मुकाबला 1-1 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
अब भारतीय टीम के सामने पांचवीं रैंक वाली ब्राजील की चुनौती है। इसके बाद भारत 6 अक्टूबर को इसी साल्ट लेक स्टेडियम में उरुग्वे के खिलाफ भी मुकाबला खेलेगा।
AIFF ने बताया ऐतिहासिक पल
ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन ने इस मुकाबले को भारतीय फुटबॉल के लिए विशेष अवसर बताया है। AIFF के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल एम. सत्यनारायण ने कहा कि ब्राजील जैसी बड़ी टीम का भारत में स्वागत करना असाधारण पल है और यह भारतीय फुटबॉल के इतिहास में यादगार अध्याय बनेगा।
नेशनल टीम्स के डायरेक्टर सुब्रत पॉल ने भी मुकाबले को भारतीय खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर बताया। उनके मुताबिक, यह भारतीय खिलाड़ियों के लिए सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि दुनिया की महान टीमों में से एक के खिलाफ खुद को परखने का दुर्लभ मौका है। ऐसे मुकाबले खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, बड़े सपने देखने और अपने करियर में यादगार अनुभव हासिल करने की प्रेरणा देते हैं।
2026 विश्व कप में ब्राजील को लगा था झटका
ब्राजील ने 2026 फीफा विश्व कप में हिस्सा लिया था, लेकिन टीम राउंड ऑफ 16 से आगे नहीं बढ़ सकी। उसे नॉर्वे के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। दूसरी ओर, भारतीय टीम विश्व कप के फाइनल क्वालीफाइंग राउंड में जगह नहीं बना सकी।
अब कोलकाता में दोनों टीमें एक-दूसरे के सामने होंगी। भारत के लिए यह मुकाबला दुनिया की शीर्ष फुटबॉल टीमों में शामिल ब्राजील के खिलाफ अपनी क्षमता परखने का बड़ा मौका है, जबकि भारतीय दर्शकों के लिए पांच बार की विश्व चैंपियन टीम को अपने मैदान पर खेलते हुए देखने का यह ऐतिहासिक अवसर है।
दोनों टीमों का स्क्वॉड
भारत
एल्बिनो गोम्स, गुरप्रीत सिंह संधू, प्रभसुखन सिंह गिल, सोम कुमार, अभिषेक सिंह टेकचाम, आकाश मिश्रा, अनवर अली, बिजॉय वर्गीज, हमिंगथनमाविया राल्टे, जय गुप्ता, प्रेमवीर, रिकी मीतेई हाओबाम, अनिरुद्ध थापा, आशिक कुरुनियन, फारुख चौधरी, लालेंगमाविया राल्टे, मैकार्टन निकसन, मोहम्मद सनान, रिकी शाबोंग, सहल अब्दुल समद, एडमंड लालरिंदिका, इरफान यदवाड़, मनवीर सिंह, रहीम अली, रयान विलियम्स और विक्रम प्रताप सिंह।
ब्राजील
ह्यूगो सूजा, पेड्रो मोरिस्को, ओटावियो, आर्थर डायस, डगलस सैंटोस, गैब्रियल मागाल्हाएस, जैयर, मार्किन्होस, माथ्यूजिन्हो, माउरो जूनियर, विटोर रीस, वेस्ली, आंद्रे सैंटोस, ब्रेनो बिडोन, ब्रूनो गिमाराएस, डानिलो सैंटोस, डगलस लुइज, गैब्रियल बोंटेम्पो, मार्टिनेली, एंड्रिक, एस्टेवाओ, पेड्रो, रयान, सैमुअल लिनो और विनिसियस जूनियर।
कब और कहां देख सकेंगे लाइव?
भारत और ब्राजील के इस मुकाबले का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV पर उपलब्ध होगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

