रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाली T20 सीरीज के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सीरीज के तीन मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को खेले जाएंगे। मैचों के दौरान दर्शकों की सुविधा से लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था तक की तैयारियों की बुधवार को उच्चस्तरीय बैठक में समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में अलग-अलग विभागों को उनकी जिम्मेदारियां दी गईं। उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी रखने के निर्देश दिए। सुरक्षा और मैच के सुचारू संचालन से जुड़े काम पुलिस विभाग और आयोजक संस्थाओं को करने होंगे।
रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी

मैचों के दौरान अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर तालमेल के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी बनाई गई है। इसमें रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं।

यह कमेटी मैच से जुड़ी स्थानीय व्यवस्थाओं और विभागों के बीच समन्वय पर नजर रखेगी।
ई-टिकट से मिलेगा प्रवेश, स्टेडियम में रहेगा ओपन वाई-फाई
दर्शकों के लिए टिकटों की बिक्री ऑनलाइन होगी। स्टेडियम में प्रवेश के दौरान ई-टिकट आसानी से स्कैन हो सके, इसके लिए परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। टिकट पर स्टेडियम का पूरा नाम शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर दर्ज रहेगा।
दर्शकों को उनकी टिकट के अनुपात में पार्किंग पास उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की जाएगी।
पार्किंग और स्टेडियम में CCTV से निगरानी
मैचों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए स्टेडियम परिसर के साथ सभी पार्किंग क्षेत्रों में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और BCCI के समन्वय से सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था संभाली जाएगी।
स्टेडियम के आसपास वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए भी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे।
पानी, खाने से लेकर बिजली तक की व्यवस्था
दर्शकों के लिए स्टेडियम के भीतर खाद्य सामग्री और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली की व्यवस्था CSPDCL और ऊर्जा विभाग संभालेगा।
स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की मैपिंग करेगा। मैच के दौरान स्टेडियम में एम्बुलेंस भी तैनात रहेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
आपात स्थिति में ग्रीन कॉरिडोर
आपातकालीन इलाज और VVIP आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का रूट पहले से तय किया गया है। वहीं किसी आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड की पहुंच आसान रहे, इसके लिए रूट चिन्हित करने और पर्याप्त पानी की व्यवस्था की जिम्मेदारी गृह एवं अग्निशमन विभाग को दी गई है।
स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध रहे, इसके लिए BSNL को जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा गया है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारी जुड़े
बैठक में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया, पर्यटन विभाग के एमडी सौमिल रंजन चौबे समेत रायपुर कलेक्टर, रायपुर पुलिस अधीक्षक, एनआरडीए, खेल एवं युवा कल्याण, फायर एवं सेफ्टी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, CSPDCL, PWD और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल हुए।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

