हेमंत शर्मा, इंदौर। अपने बेबाक बयानों के लिए हमेशा सुर्खियों में रहने वाले मध्य प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दिल्ली में हुए Gen-Z प्रदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया है। इंदौर के कृषि कॉलेज में आयोजित 15 हजार वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करना लोकतंत्र का अधिकार है लेकिन संविधान की मर्यादा में रहकर बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य नेताओं को गालियां दी गईं जो अनुचित है। दिल्ली में बैठे महज 500 लोगों ने पूरे विश्व के सामने भारत को बदनाम करने का काम किया है।

ये भी पढ़ें: साधु वेश में प्रदर्शन सनातन का अपमान! सांसद पप्पू यादव पर भड़का संत समाज, सदस्यता रद्द कर जेल भेजने की मांग

डंडे हमने भी खाए पर कभी असंवैधानिक प्रदर्शन नहीं किया- विजयवर्गीय

अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हमने भी अपने जीवन में कई प्रदर्शन किए हैं और अनगिनत डंडे खाए हैं। जो पुलिस उस समय हमें मारती थी आज वहीं पुलिस हमारे लिए गाड़ियों के दरवाजे खोलती है यह जनता का आशीर्वाद और लोकतंत्र की ताकत है। उन्होंने आगे कहा कि आपातकाल के समय बोलने की आजादी पर पाबंदी थी लेकिन आज देश में अभिव्यक्ति की पूरी स्वतंत्रता है। हालांकि बोलने की भी एक मर्यादा और तरीका होता है।

ये भी पढ़ें: रतलाम-कोटा पैसेंजर पर गिरा 25,000 KV का तार! चलती ट्रेन से कूदे यात्री, टला बड़ा हादसा

यूपी के मौलनाओं और दतिया उपचुनाव पर भी बोले

मौलानाओं पर निशाना: उत्तर प्रदेश में हालिया बयानों पर तंज कसते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि ये लोग बेवकूफ होते हैं और इन पर नियमानुसार संवैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

दतिया उपचुनाव: दतिया में होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी वहां प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m