चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के कद्दावर नेता और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपने बेबाक अंदाज और हाजिरजवाबी के लिए जाने जाते हैं। इंदौर में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मंच पर माइक संभालते ही विजयवर्गीय ने एक तरफ जहां शहर में गहराते जल संकट को लेकर पार्षदों और महापौर को कड़क नसीहत दे डाली तो वहीं दूसरी तरफ बीजेपी के दिग्गज नेताओं पर ऐसे अनूठे तंज कसे की पूरा पंडाल ठहाकों से गूंज उठा। हमेशा की तरह उनका यह ‘हंसी-मजाक और गुदगुदाने वाला’ अंदाज अब सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ चुका है।
ये भी पढ़ें: MP Monsoon session: विधानसभा में सवालों के जवाब के लिए विभाग मुस्तैद, अधिकारियों की नियुक्ति
महापौर और पार्षदों को नसीहत- “मोहल्ले में चैन से रहना है तो वाटर हार्वेस्टिंग कराओ”
कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर की सबसे बड़ी समस्या यानी भूमिगत जल स्तर के गिरने पर बेहद गंभीर बात कही। मंत्री जी ने खुलासा किया कि इस साल गर्मी में इंदौर के करीब 80 फीसदी भूमिगत बोरवेल पूरी तरह सूख चुके थे। अगर अब भी हम नहीं जागे तो स्थिति भयावह हो जाएगी। इसके लिए ‘पानी बचाओ, एक पेड़ लगाओ’ अभियान को आंदोलन बनाना होगा।
मंच से ही विजयवर्गीय ने इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अनुपस्थिति पर चुटकी लेते हुए कहा कि महापौर बैठकों में नहीं आ रहे हैं, आजकल आप काफी व्यस्त रहने लगे हैं।
उन्होंने मंच पर मौजूद पार्षदों को सीधे लफ्जों में चेताया कि अगर अपने-अपने मोहल्ले में आगे चैन से रहना है और जनता की गालियां नहीं सुननी हैं, तो हर घर में वाटर हार्वेस्टिंग का काम अनिवार्य रूप से करवाओ।
मंच से नेताओं की ‘नाप-जोख’: कद, काठ और ‘घर की मुर्गी’ का मुहावरा!
गंभीर नसीहतों के बाद विजयवर्गीय अपने चिर-परिचित मजाकिया मूड में आ गए और स्वागत भाषण के दौरान सामने बैठे नेताओं की अनोखी तुलना कर डाली।
हेमंत खंडेलवाल बने ‘शास्त्री जी’: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि, “खंडेलवाल जी की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री से की जा सकती है। शास्त्री जी का कद भले ही छोटा था, लेकिन वे काम बहुत बड़े-बड़े करते थे।”
प्रहलाद पटेल की हाइट पर बात: वहीं कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल की तरफ इशारा करते हुए बोले कि पटेल जी की हाइट जितनी लंबी है, उनके काम भी उतने ही लंबे और बड़े होते हैं।
रमेश मेंदोला को बताया ‘दाल बराबर’: इंदौर के ही कद्दावर विधायक और कई बार मंत्रियों की रेस में आगे रहने वाले रमेश मेंदोला को लेकर विजयवर्गीय ने बड़ा ही देसी तंज कसा। उन्होंने हंसते हुए कहा कि रमेश मेंदोला का हाल तो ऐसा है कि घर की मुर्गी दाल बराबर!
ये भी पढ़ें: डॉक्टर की लापरवाही से मासूम की मौत! धरने पर बैठा परिवार, डिप्टी कलेक्टर से बोले- ‘आपसे नहीं बनेगी बात…’
कैलाश विजयवर्गीय का यह अंदाज भले ही महफिल को गुदगुदाने वाला हो लेकिन उन्होंने जल संरक्षण को लेकर जो चेतावनी दी है, उसे इंदौर की जनता और जनप्रतिनिधियों को बेहद गंभीरता से लेना चाहिए। पेड़ लगाना और पानी बचाना अब राजनीति नहीं, बल्कि इंदौर के अस्तित्व का सवाल बन चुका है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

