हेमंत शर्मा, इंदौर। स्वच्छता में नंबर-1 का दावा करने वाले इंदौर में अब स्वच्छता सर्वेक्षण से जुड़े कामों की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। शहर को चमकाने के नाम पर किए जा रहे रंगाई-पुताई के कार्यों की पोल उस समय खुल गई, जब निरीक्षण के दौरान सेंट्रल डिवाइडर पर लगाया गया रंग पानी डालते ही उखड़ने लगा। मामला सामने आते ही नगर निगम के एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर ने अधिकारियों और ठेकेदार को मौके पर बुलाकर जमकर फटकार लगाई और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए।

इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर से एबी रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर नगर निगम की ओर से सेंट्रल डिवाइडर की रंगाई-पुताई और थर्मोप्लास्टिक कलर पट्टियों का काम कराया जा रहा है। इसी कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर ने जब मौके पर गुणवत्ता की जांच की तो चौंकाने वाली स्थिति सामने आई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि डिवाइडर पर लगाया गया रंग बेहद खराब गुणवत्ता का है। पानी डालने और हल्का रगड़ने पर ही रंग उखड़ने लगा। यह देखकर राठौर ने तुरंत यातायात विभाग के सहायक यंत्री और संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाया और जवाब तलब किया।

ये भी पढ़ें: 44 डिग्री की गर्मी में पेड़ काटना पड़ा भारी! इंदौर में डेढ़ लाख का सबसे बड़ा स्पॉट फाइन

एमआईसी सदस्य बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

राठौर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण के नाम पर शहर में कई जगह ऐसे कार्य किए जा रहे हैं, जिनकी गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि जनता के पैसे से होने वाले कामों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एमआईसी सदस्य ने बताया कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले बापट चौराहा से राजीव आवास विहार मार्ग पर भी इसी तरह की शिकायतें सामने आई थीं, जहां रंगाई-पुताई के कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठे थे। लगातार सामने आ रही ऐसी अनियमितताओं ने निगम के कामकाज पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें: शादी के महज 3 महीने बाद मौत… 3 करोड़ की भव्य शादी, 100 तोला सोना देने के बाद भी नहीं भरा पेट

अधिकारियों-ठेकेदार को लगाई फटकार, जांच के निर्देश

मौके पर ही राजेंद्र राठौर ने अधिकारियों और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते हुए गुणवत्ता की दोबारा जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराकर ऐसे सभी कार्यों की समीक्षा करने और जहां भी गड़बड़ी मिले, वहां तत्काल कार्रवाई करने को कहा। अब नगर निगम इस पूरे मामले की समीक्षा करने की तैयारी में है। देखने वाली बात होगी कि गुणवत्ताहीन कार्य करने वालों पर क्या कार्रवाई होती है और शहर में चल रहे अन्य कार्यों की गुणवत्ता जांच का दायरा कितना बढ़ाया जाता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m