चंकी बाजपेयी, इंदौर। रोजगार की तलाश में भटक रह बेरोजगार युवाओं को अच्छी नौकरी का झांसा देकर ठगने वाली एक फर्जी कंसल्टेंसी कंपनी पर इंदौर की विजयनगर पुलिस ने कार्रवाई की है। शहर के ऑर्बिट मॉल में संचालित अल्फा जॉब्स कंसल्टेंसी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने 313 छात्रों के ओरिजनल डॉक्यूमेंट्स बरामद किए हैं।

इस धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी और कंपनी के संचालक मयंक सराफ को गिरफ्तार कर लिया था वहीं जांच में पैसों के लेन-देन का खुलासा होने के बाद उसकी पत्नी को भी सह-आरोपी बनाया गया है।

ये भी पढ़ें: ❝किसान परेशान है तो हम चुप नहीं बैठेंगे❞, सरकार की अव्यवस्था पर सवाल; विधायक ने कलेक्टर को पत्र लिखकर की ये मांग

पत्नी के बैंक खाते में जाते थे ठगी के रुपये

एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि विजयनगर पुलिस ने धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच-पड़ताल में यह अहम बात सामने आई कि मुख्य आरोपी मयंक सराफ की पत्नी पूजा सराफ भी इस कंसल्टेंसी कंपनी के कामकाज से जुड़ी हुई थी। कंपनी से जुड़े हुए ऑनलाइन रुपयों का बड़ा लेन-देन पूजा के बैंक अकाउंट के माध्यम से किया जा रहा था। इसी पुख्ता आधार पर पुलिस ने पत्नी पूजा सराफ को भी इस मामले में सह-आरोपी बनाया है।

डॉक्यूमेंट्स लौटाने के नाम पर होती थी ब्लैकमेलिंग

पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ है कि यह कंपनी युवाओं को नौकरी दिलाने का लालच देकर उनके ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स अपने पास जमा करवा लेती थी। इसके बाद जब छात्र अपने दस्तावेज वापस मांगते तो मयंक सराफ द्वारा उन्हें वापस लौटाने की एवज में रुपयों की डिमांड की जाती थी। पुलिस ने मौके से 313 छात्रों की ओरिजिनल मार्कशीट बरामद की है। इन्हीं शिकायतों के आधार पर विजयनगर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था।

छात्रों के लिए पुलिस ने बनाया सोशल मीडिया ग्रुप

जिन छात्रों के ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स कंसल्टेंसी के पास फंसे हुए थे, उन्हें राहत देने के लिए पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। विजयनगर पुलिस ने एक सोशल मीडिया ग्रुप बनाया है, जिसमें पीड़ित छात्रों को जोड़ा जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि न्यायालय के आदेश के बाद एक साथ प्रक्रिया पूरी कर छात्रों को उनके ओरिजिनल दस्तावेज जल्द से जल्द और आसानी से वापस सौंपे जा सकें।

ये भी पढ़ें: इंदौर में 40 करोड़ की सड़क का ‘लाइव सरेंडर’! पाइपलाइन टेस्ट होते ही धंसी, मंजर देख सहम उठे लोग

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच अभी भी जारी है। आने वाले समय में अगर जांच में इस गैंग से जुड़े किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m