CSK Playoff Scenario 2026: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही है. सीजन के पहले ही तीन मैचों में लगातार हार का सामना करने के बाद ऋतुराज गायकवाड़ की टीम अब अंक तालिका में आठवें नंबर पर संघर्ष कर रही है. आइए जानते हैं प्लेऑफ में जाने के लिए उसे क्या करना होगा?

CSK Playoff Scenario 2026: 5 खिताब जीतने वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2026 में फैंस को निराश किया है. इस टीम ने पहले तीनों मैच हारे. फिर चौथा और पांचवां मैच जीत लिया, लेकिन 18 अप्रैल को हैदराबाद के खिलाफ छठे मैच में हार गई. शर्मनाक हार की हैट्रिक के बाद जब चेन्नई ने लगातार 2 मैच जीते तो फैंस को लगा था कि अब टीम पटरी पर लौट आई है, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों मिली ताजा हार ने चेन्नई के फैंस को बड़ा झटका दिया. इस झटके से CSK के खेमे में खतरे की घंटी बज चुकी है.

पहले 6 में से 4 मैच हारने वाली टीम की प्लेऑफ में एंट्री की राह बेहद मुश्किल दिख रही है. हर कोई जानना चाहता है क्या ये टीम इस बार टॉप 4 में पहुंच पाएगी या नहीं?

येलो आर्मी के फैंस का मानना है कि धोनी के एक्टिव कप्तानी में न होने से फील्ड सेट-अप और गेंदबाजों के रोटेशन में वह ‘पुरानी वाली बात’ नजर नहीं आ रही है, जिसके लिए चेन्नई जानी जाती थी. 6 मैचों में महज 2 जीत (दिल्ली और कोलकाता के खिलाफ) टीम की खराब हालत को बयां करने के लिए काफी है. चेन्नई को अब तक राजस्थान, पंजाब, RCB और अब हैदराबाद के खिलाफ हार मिली है. इन चारों टीमों ने चेन्नई की कमजोरियों को उजागर किया है.

पॉइंट्स टेबल का हाल और नेट रनरेट की मार

फिलहाल पॉइंट्स टेबल में चेन्नई 4 अंकों के साथ सातवें पायदान पर खिसक गई है, लेकिन अंकों से ज्यादा चिंता का विषय टीम का नेट रनरेट है, जो -0.780 तक गिर चुका है. अगर सीजन के अंत में दो टीमों के अंक बराबर होते हैं, तो यह खराब रनरेट चेन्नई के प्लेऑफ के सपने को चकनाचूर कर सकता है. टॉप-4 में जगह बनाने के लिए अब चेन्नई को न सिर्फ मैच जीतने होंगे, बल्कि अपनी जीत का अंतर भी बढ़ाना होगा.

चेन्नई ऐसे पहुंचेगी प्लेऑफ में?

अब सवाल ये है कि आखिर कैसे चेन्नई सुपर किंग्स टॉप 4 में जाएगी? तो जान लीजिए कि प्लेऑफ के लिए किसी भी टीम को 16 अंक चाहिए होते हैं. पहले 6 में से 4 मैच हार चुकी चेन्नई के पास अभी भी मौका है, लेकिन अब गलतियों की गुंजाइश खत्म हो चुकी है. टीम के पास 6 मैचों में सिर्फ 4 अंक हो पाए हैं. उसके अभी 8 मैच बाकी हैं. इनमें से टीम को 6 जीत हासिल करनी होगी. अगर टीम बचे हुए 8 में से 3 मैच भी हार जाती है, तो वह 14 अंकों पर अटक जाएगी, जहां से क्वालिफिकेशन पूरी तरह दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर हो जाएगा.

मैच का लेखा-जोखा

चेन्नई के छठे मैच की बात करें तो यह मुकाबला राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया. ईशान किशन की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने चेन्नई को 10 रनों से मात देकर उसकी मुश्किलें बढ़ा दीं. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने अभिषेक शर्मा (59) और हेनरिक क्लासेन (59) के तूफानी अर्धशतकों की मदद से 194 रनों का पहाड़ खड़ा किया था, जिसके जवाब में चेन्नई की टीम काफी कोशिशों के बाद भी 184 रन ही बना सकी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H