Khaleel Ahmed injury: 5 बार की चैंपियन सुपर किंग्स (CSK) के लिए आईपीएल 2026 में मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. ये टीम पहले से ही खराब फॉर्म और धोनी की गैरमौजूदगी से जूझ रही थी. अब टीम को एक और बड़ा झटका लग गया है. ये वही खिलाड़ी है, जिसे चेन्नई ने 4.80 करोड़ रुपये में रिटेन किया था.
Khaleel Ahmed injury: आईपीएल 2026 में 5 बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स को झटके पर झटके मिल रहे हैं. ये टीम पहले तीनों मैच हारी थी. टीम में दिग्गज एमएस धोनी नहीं हैं. अब 16 अप्रैल को एक ऐसी खबर आई है, जिसने येलो आर्मी को हैरान कर दिया है. खबर ये है कि टीम के मुख्य तेज गेंदबाज खलील अहमद इंजरी के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं.
बाएं हाथ के इस तूफानी पेसर का बाहर होना कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और पीली जर्सी वाली टीम के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है, क्योंकि खलील शुरुआती मैचों में टीम की गेंदबाजी की मुख्य धुरी बने हुए थे. ये तब हुआ है, जब प्लेइंग 11 में एमएस धोनी लौटे नहीं हैं.
क्यों और कैसे बाहर हुए खलील अहमद?

सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर खलील अहमद को क्या हुआ है? जानकारी के अनुसार, खलील को ‘क्वाड्रिसेप्स इंजरी’ (Quadriceps Injury) हुई है. उन्हें यह चोट कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेले गए पिछले मुकाबले में लगी थी. वो अपना चौथा ओवर डाल ही रहे थे, तभी खलील को दाईं हिप (Hip) में तेज दर्द की शिकायत हुई थी. स्थिति इतनी खराब थी कि वे अपना ओवर भी पूरा नहीं कर पाए और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था.
कितने दिन मैदान से दूर रहेंगे खलील अहमद?
खलील अहमद को ‘ग्रेड 2’ की इंजरी हुई है, जिससे उबरने के लिए उन्हें कम से कम 10 से 12 हफ्ते यानी करीब 3 महीने का समय लगेगा. मतलब वो अगले करीब 100 दिनों तक क्रिकेट मैदान पर उतर नहीं पाएंगे. खलील का बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि इससे पहले टीम के स्टार बॉलर नाथन एलिस भी पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं. अब चेन्नई में तेज गेंदबाजी को लेकर नया संकट खड़ा हो गया है.
किसे मिलेगा मौका?
चेन्नई की टीम अब तक खलील और नाथन एलिस को इंजरी की वजह से खो चुकी है. विदेशी पेसर मैट हेनरी अपनी लय हासिल नहीं कर पाए हैं. स्पेंसर जॉनसन अब तक टीम से जुड़े नहीं हैं. अब चेन्नई के पास तेज गेंदबाजी में मुकेश चौधरी और रामकृष्ण घोष जैसे अनकैप्ड गेंदबाज बचे हैं, जिन पर भरोसा करने के अलावा इस टीम के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है. खलील की जगह अगले मैचों में इन्हीं में से किसी एक बॉलर को मौका मिल सकता है.
चेन्नई सुपर किंग्स की हालत खराब
आईपीएल 2026 में चेन्नई की टीम का आगाज बढ़िया नहीं हुआ है. 23 मैचों के बाद ये टीम पॉइंट्स टेबल में 8वें पायदान पर संघर्ष कर रही है. अब तक खेले गए 5 मुकाबलों में टीम को केवल 2 में जीत और 3 में हार का सामना करना पड़ा है. अब चेन्नई को अपना अगला मैच 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ उनके घर राजीव गांधी स्टेडियम में खेलना है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

