US-ईरान में जारी जंग के बीच ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी सोमवार को ईरानी प्रतिनिधिमंडल के साथ पाकिस्तान पहुंचे. वे एक आधिकारिक दौरे पर उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं जिसमें इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) के वरिष्ठ कमांडर शामिल हैं. यह आधिकारिक दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब ईरान, पाकिस्तान के साथ राजनयिक संबंध मजबूत करने पर लगा हुआ है, जबकि अमेरिका के साथ उसका संघर्ष लगातार तेज हो रहा है.
इस्लामाबाद पहुँचने पर पाकिस्तानी गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया. मोहसिन नकवी ने ही उन्हें पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया था.
ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे. उनका यह दौरा मुख्य रूप से बढ़ते क्षेत्रीय तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच के टकराव के बीच हुआ है. माना जा रहा है कि दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा, सीमा प्रबंधन और मौजूदा भू-राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा होगी.
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ने सोशल मीडिया के जरिए कहा है कि, गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी के इस्लामाबाद पहुंचने की पुष्टि करते हुए कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य दोनों पड़ोसी देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करना है.
दूसरी तरफ पाकिस्तानी मीडिया ने बताया कि पाकिस्तानी गृहमंत्री ने कहा कि ईरानी गृह मंत्री के आने का मतलब कुछ अच्छी खबर लेकर आना है. पर पाकिस्तानी गृहमंत्री ने स्पष्ट नहीं किया कि वह अच्छी खबर किस विषय से जुड़ी है.
सूत्रों से चर्चा है कि, ईरान को मध्यस्थों से 10 दिन के सीजफायर का प्रस्ताव मिला है.10 दिन के इस प्रस्ताविक सीजफायर में ईरान-अमेरिका के बातचीत के जरिए चीजों को पटरी पर लाने की कोशिश करेंगे. तेहरान को मध्यस्थों (पाकिस्तान-कतर) से 10 दिन के सीजफायर प्रस्ताव मिला है, जिस पर विचार किया जा रहा है.
वहीं, मौजूदा हालात में ईरानी गृह मंत्री का पाकिस्तान दौरा क्षेत्रीय कूटनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया जा रहा है. पाकिस्तान, ईरान का पड़ोसी देश भी है. ऐसे में दोनों देशों के बीच होने वाली बातचीत पर क्षेत्र के अन्य देशों की भी नजर बनी हुई है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


