इन्द्रपाल सिंह, इटारसी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले प्रस्तावित आंदोलन से पहले मध्य प्रदेश के इटारसी जंक्शन पर पुलिस का बड़ा एक्शन देखने को मिला है। महाराष्ट्र से दिल्ली जा रहे कॉकरोच पार्टी के करीब 15 आंदोलनकारियों को पुलिस ने गोवा एक्सप्रेस के जनरल कोच से नीचे उतार लिया। ट्रेन के इटारसी स्टेशन पहुंचते ही प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर अचानक भारी पुलिस बल की तैनाती से अफरा-तफरी और सनसनी का माहौल निर्मित हो गया।

ये भी पढ़ें: कालाबाजारी पर प्रशासन का एक्शन: निजी फार्म हाउस से 275 बोरी अवैध खाद जब्त, गोदाम सील, FIR दर्ज

एसपी को मिली थी सीक्रेट इनपुट

सूत्रों के मुताबिक, नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण थोटा को गुप्त सूचना मिली थी कि जंतर-मंतर आंदोलन में शामिल होने के लिए कुछ प्रमुख लोग गोवा एक्सप्रेस के जरिए दिल्ली रवाना हो रहे हैं। इनपुट मिलते ही इटारसी में त्वरित घेराबंदी की तैयारी की गई। ट्रेन में महिलाओं की बड़ी संख्या होने की जानकारी पर भोपाल और नर्मदापुरम जिले के विभिन्न थानों से विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों को इटारसी जंक्शन पर तैनात किया गया।

शाम 6 बजे रुकी ट्रेन और जनरल कोच में घुसी पुलिस

शाम करीब 6 बजे जैसे ही गोवा एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर आकर रुकी, महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की टीम ने सीधे जनरल डिब्बे में प्रवेश किया। गहन चेकिंग और छानबीन के बाद 15 यात्रियों को जबरन ट्रेन से नीचे उतार लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से आक्रोशित आंदोलनकारियों ने ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर ही उग्र विरोध दर्ज कराना शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई और आंदोलनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ये भी पढ़ें: फर्जी डिग्री के सहारे 20 साल सरकारी नौकरी! 50 शिक्षकों पर FIR दर्ज करने की तैयारी, DEO ने जारी किए आदेश

अज्ञात स्थान ले जाए गए हिरासत में लिए गए सदस्य

हंगामे के बीच पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी 15 सदस्यों को हिरासत में लिया और तुरंत पुलिस वाहनों में बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इटारसी जंक्शन पर यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर कड़ी नजर रखे हुए है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m