पूरे भारत में इस वक्त गर्मी अपने चरम पर है। राजधानी दिल्ली का तापमान इस वक्त 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। इस भीषण गर्मी का असर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो पर भी देखने को मिला। दरअसल, मार्को रुबियो ने शनिवार को नए अमेरिकी दूतावास सपोर्ट एनेक्स भवन का उद्घाटन करते हुए आनन फानन में अपना भाषण ख़त्म किया और भीषण गर्मी को लेकर मजाक किया।

बहुत गर्मी है…

रुबियो ने कहा, “आज यहां उपस्थित होना मेरे लिए सम्मान की बात है, और मैं इस (प्रेस कॉन्फ्रेंस) को संक्षिप्त रखना चाहता हूं क्योंकि बहुत गर्मी है। मैं मियामी से हूं और वहां की गर्मी में बहुत फर्क होता है। समय क्या हुआ है? अब तक तो मौसम ठंडा हो जाना चाहिए था। मैं आपको यहां ज्यादा देर तक नहीं रोकना चाहता।” उनकी बात सुनकर वहां पर मौजूद लोग हंस पड़े।

इसके अलावा मार्को रुबियो ने कहा, “यह हमारे और भारत के बीच की इस महत्वपूर्ण साझेदारी की आधारशिला है, जो कि जैसा कि मैंने कहा, बेहद महत्वपूर्ण है और यही कारण है कि मैं इन संबंधों को मजबूत करने और इन्हें और आगे बढ़ाने के लिए इस यात्रा पर आया हूं। हमें विश्वास है कि आने वाले महीनों में, हम दोनों देशों के बीच संबंधों के विकास और मजबूती के बारे में और भी रोमांचक और नई घोषणाएं करेंगे।”

‘मोदी और ट्रंप के बीच कनेक्शन साफ देख सकते हैं’

रूबियो ने अपने भाषण में कहा, ‘यह एक व्यक्तिगत संबंध है जो ट्रंप की पहली सरकार के समय से चला आ रहा है, जब राष्ट्रपति भारत आए थे। अब दूसरी सरकार में भी यह संबंध जारी है। आप दोनों नेताओं के बीच कनेक्शन साफ देख सकते हैं। दोनों बहुत गंभीर नेता हैं जो सिर्फ छोटी अवधि नहीं, बल्कि लंबे समय तक का सोचकर काम करते हैं।’ इस समारोह से पहले रूबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। यह बैठक एक घंटे से ज्यादा चली। बैठक के दौरान रूबियो ने राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को व्हाइट हाउस आने का आधिकारिक निमंत्रण दिया।

‘भारत के साथ संबंध हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण’

मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि उनके और रूबियो के बीच क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा के महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। रूबियो ने भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा, ‘भारत के साथ हमारा संबंध हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यह हमारे रणनीतिक लक्ष्यों का आधार है। इसी वजह से मैं यहां आया हूं कि संबंधों को दोबारा मजबूत करूं और उन्हें और आगे बढ़ाऊं। आने वाले महीनों में हम दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिए कुछ नई और रोचक घोषणाएं करने वाले हैं।’

शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे थे मार्को रूबियो

बता दें कि मार्को रूबियो शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे थे। यह उनकी पद संभालने के बाद भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। वे 4 दिन भारत में रहेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ती दोस्ती और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m