Jagannath Rath Yatra : पुरी: विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है. ईस्ट कोस्ट रेलवे (ECoR) के अनुसार, रथ यात्रा के दौरान भक्तों की सुविधा और स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 300 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं.
इस विशेष व्यवस्था से देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विशेष रूप से पश्चिमी और दक्षिणी ओडिशा के सुदूर इलाकों से आने वाले श्रद्धालु बेहद आसानी और कम खर्च में महाप्रभु के दर्शन के लिए पुरी पहुंच सकेंगे. रेलवे ने जगदलपुर-पुरी, रायगड़ा-पुरी, संबलपुर-पुरी और शालिमार-पुरी जैसे प्रमुख मार्गों पर विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है.
इन प्रमुख रूटों पर चलेंगी ट्रेनें और यह रहेगा शेड्यूल
1. जगदलपुर-पुरी-जगदलपुर स्पेशल (ट्रेन संख्या 08553/08554):
जाने का समय: ट्रेन नंबर 08553 आगामी 15 और 23 जुलाई को सुबह 06:00 बजे जगदलपुर से प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 01:40 बजे पुरी पहुंचेगी.
वापसी का समय : ट्रेन नंबर 08554 आगामी 16 और 24 जुलाई को शाम 07:15 बजे पुरी से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 01:15 बजे जगदलपुर पहुंचेगी.
प्रमुख ठहराव : यह स्पेशल ट्रेन कोरापुट, जयपुर, कोटपाड़, रायगड़ा, गुनुपुर, पारलाखेमुंडी, पलासिया और खोरधा रोड जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी.
2. शालिमार-पुरी-शालिमार स्पेशल (ट्रेन संख्या 08565/08566):
जाने का समय : ट्रेन नंबर 08565 आगामी 15 और 23 जुलाई को शाम 06:00 बजे शालिमार (कोलकाता) से छूटेगी और अगले दिन सुबह 06:00 बजे पुरी पहुंचेगी
वापसी का समय : वापसी में यह ट्रेन 17 और 25 जुलाई को रात 12:30 बजे पुरी से प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 01:30 बजे शालिमार पहुंचेगी.
प्रमुख ठहराव : यह ट्रेन संतरागाछी, मेचेदा, खड़गपुर, बेलदा, दांतन, जलेश्वर, बस्ता, रूपसा, बालेश्वर और सोरो स्टेशनों पर रुकेगी.
इसके अतिरिक्त, रेलवे द्वारा रायगड़ा-पुरी और संबलपुर-पुरी रूट पर भी निर्धारित तिथियों के अनुसार विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा.
यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता : रथ यात्रा के दौरान देश-विदेश से करोड़ों भक्तों के पुरी पहुंचने की उम्मीद है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए इन ट्रेनों की समय-सारणी को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा का प्लान बनाएं. स्टेशनों पर सुरक्षा और चिकित्सा सहायता के लिए भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

