Jaipur-Kota Highway Accident: जयपुर-कोटा-बूंदी हाईवे पर चित्तौड़ रोड पुलिया के पास आज सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेज रफ्तार ट्रेलर का अचानक टायर फट गया, जिससे अनियंत्रित होकर वह आगे खड़े दूसरे ट्रेलर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक के बाद एक कुल 5 वाहन आपस में टकरा गए।

सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर
हादसे का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे बेकाबू ट्रेलर ने हाईवे पर खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का तो पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में 4 ट्रेलर और 1 ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पूरे हाईवे पर गाड़ियों के परखच्चे बिखरे पड़े थे।
आधे घंटे केबिन में फंसा रहा ड्राइवर
टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि एक ट्रेलर का चालक अपने ही केबिन के अंदर फंस गया। वो दर्द से कराहता रहा और आसपास के लोग उसे बाहर निकालने की कोशिश करते रहे। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने क्रेन मंगवाई और करीब आधे घंटे की कड़ी मेहनत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। इस हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
डेढ़ घंटे तक जाम रहा हाईवे
एक्सीडेंट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सदर थाना पुलिस को सूचना मिली तो तुरंत टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य में बाधा न आए, इसके लिए पुलिस ने हाईवे का एक हिस्सा करीब डेढ़ घंटे तक पूरी तरह ब्लॉक कर दिया था। भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्री परेशान होते रहे। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड में किया गया और यातायात फिर से चालू कराया गया।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रेलर की रफ्तार काफी ज्यादा थी, जिससे टायर फटते ही ड्राइवर का कंट्रोल पूरी तरह खत्म हो गया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि क्या कोई तकनीकी गड़बड़ी थी या ओवरस्पीडिंग बड़ी वजह रही।
पढ़ें ये खबरें
- ‘बागियों पर हो कार्रवाई’, अयोग्यता की मांग लेकर SC पहुंचे अभिषेक बनर्जी ; 25 अगस्त को सुनवाई
- जानलेवा गड्ढे, दलदल और संकरे सड़क से आवाजाही कर रहे राहगीर, प्रशासन नहीं ले रहा सुध, जनप्रतिनिधि भी बेपरवाह
- जेल से छूटते ही चंबल के पुल पर लटका युवक! प्रेमिका की बच्ची पर जताया हक, दुष्कर्म और अपहरण के हैं आरोप
- Bihar Top News 24 august 2026: साइबर फ्रॉड मामले में NIA टीम की छापेमारी, नवजात शिशु की खरीद-बिक्री पर पांच गिरफ्तार
- लुधियाना जिला बार एसोसिएशन का बड़ा फैसला, 25-26 अगस्त को रहेगा नो वर्क डे; जानिए क्या है वजह

