जशपुर। छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस को ऑपरेशन शंखनाद के तहत पशु तस्करी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। टीम ने आज एक कंटेनर को पकड़ा, जिसके अंदर से 65 गौवंश बरामद किया। साथ ही एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कंटेनर ट्रक क्रमांक NL 01-AB-7655 में अंबिकापुर की ओर से भारी मात्रा में गौवंशों को भरकर बगीचा के रास्ते झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना को देखते हुए डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत और थाना बगीचा की पुलिस टीम अलर्ट मोड पर आ गई।

पुलिस को देखकर की भागने की कोशिश
पुलिस टीम ने थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत ग्राम पेटा में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान सुबह 4:30 बजे संदिग्ध कंटेनर ट्रक पुलिस टीम को देखकर दूसरे रास्ते से भगाने लगा। टीम ने ट्रक का पीछा किया और उसे ग्राम खंटाडांड़ में रोक लिया।

कंटेनर की तलाशी में 65 गौवंश बरामद
कंटेनर ट्रक की तलाशी लेने पर उसके अंदर 65 गौवंश पाए गए। गौवंशों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था, जिसके कारण 2 गौवंशों की मौत हो चुकी थी। चालक ने पूछताछ में बताया कि उसका नाम रेहान अंसारी (34) है और वह ग्राम सिसई, जिला गुमला, झारखंड का रहने वाला है।

मृत गौवंशों का किया गया अंतिम संस्कार
इसके बाद पुलिस ने सभी 65 गौवंशों को गवाहों के समक्ष बरामद किया। पशु चिकित्सक से गौवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और मृत गौवंशों का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया।

अंबिकापुर की ओर से झारखंड ले जाए जा रहे थे गौवंश
पूछताछ में आरोपी रेहान अंसारी ने बताया कि वह कंटेनर ट्रक को अंबिकापुर की ओर से लेकर झारखंड की ओर जा रहा था। मामले में पूछताछ जारी है, कुछ अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के संबंध में भी जानकारी मिली है। गौ-तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध
पुलिस द्वारा आरोपी रेहान अंसारी के विरुद्ध थाना बगीचा में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10, छत्तीसगढ़ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) एवं बी.एन.एस. की धारा 325 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
गौ-तस्करी के लिए रास्ते की रेकी कर रही कार जब्त
वहीं गौ-तस्करी के लिए रास्ते की रेकी कर रही एक मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार क्रमांक JH-01-BR-9492 को पुलिस ने जब्त किया है। मामले में अज्ञात आरोपी फरार है, जिसकी पतासाजी की जा रही है।

गौ-तस्करी के विरुद्ध पुलिस की लगातार कार्रवाई
डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस द्वारा गौवंश तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जनवरी 2026 से अब तक जिले में गौ-तस्करी के कुल 98 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 1108 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है। इन मामलों में कुल 131 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। साथ ही गौ-तस्करी में प्रयुक्त पिकअप, ट्रक सहित कुल 36 वाहनों को जब्त किया गया है।
पशु क्रूरता के खिलाफ आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
जशपुर पुलिस द्वारा गौ-तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के साथ-साथ इस अवैध कारोबार के नेटवर्क पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। गौवंशों के अवैध परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी
उक्त कार्रवाई में एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, उप निरीक्षक विवेक भगत, सहायक उप निरीक्षक नरेश मिंज, आरक्षक आशीष तिर्की, रमेश गृही एवं सुधीर मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

