Bihar politics: जदयू के विधायक ने बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार को डिप्टी पीएम बनाने की मांग की है। एक मीडिया चैनल से बात करते हुए जदयू विधायक पंकज मिश्रा ने कहा कि, नीतीश कुमार 20 साल तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे हैं। उससे पहले वह केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके हैं, ऐसे में उनके अनुभव का लाभ लिया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह दावा भी किया कि बिहार के लोग भी नीतीश कुमार को डिप्टी पीएम बनते देखना चाहते हैं।
‘डिप्टी पीएम बनाना होगा उचित सम्मान’
जदयू विधायक ने आगे कहा कि, ऐसा सुनने में आया है कि जल्द ही मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है। ऐसे में नीतीश कुमार को डिप्टी पीएम बनाया जाए। यही उनके लिए उचित सम्मान होगा। गौरतलब है कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद ही भाजपा बिहार में पहली बार अपना मुख्यमंत्री बना पाई है। ऐसे में अब जदयू विधायक पंकज मिश्रा ने नीतीश कुमार को डिप्टी पीएम बनाने की बड़ी मांग कर दी है।
राजद नेता ने भी उठाई थी मांग
गौरतलब है कि जदयू विधायक से पहले राजद नेता मुकेश रौशन ने नीतीश कुमार को डिप्टी सीएम बनाने की मांग की थी। नीतीश के राज्यसभा जाने पर मुकेश रौशन ने कहा था कि, नीतीश कुमार को केंद्र में कृषि और रेलवे जैसे अहम मंत्रालय संभाल चुके हैं। ऐसे में अब उन्हें उप-प्रधानमंत्री भी बनाया जाए। यदि उन्हें डिप्टी पीएम बनाया जाता है, तो यह बिहार के लिए गर्व की बात होगी।
मोदी सरकार को है जदयू के 12 सांसदों का समर्थन
बता दें कि इन दिनों मोदी सरकार में कैबिनेट के विस्तार होने की चर्चाएं तेज हैं। ऐसे में जदयू ने मौके को भांपते हुए नीतीश कुमार का नाम डिप्टी पीएम पद के लिए उछाल दिया है। बता दें कि मोदी की केंद्र सरकार को जदयू के 12 सांसदों का समर्थन है। एनडीए के लिहाज से जदयू इस मामले में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है। फिलहाल राज्यसभा सांसद होने के साथ-साथ नीतीश कुमार जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। वहीं, उनके बेटे निशांत कुमार बिहार में स्वास्थ्य मंत्री हैं।
ये भी पढ़ें- ‘जब तक हम जिंदा हैं…’, राजद के 30वें स्थापना दिवस पर BJP और RSS पर जमकर बरसे तेजस्वी

