झांसी. उत्तर प्रदेश के झांसी में 11 साल के बच्चे का नग्न शव तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई. बच्चा गुरुवार शाम घर से खेलने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. करीब 26 घंटे बाद शुक्रवार (9 अक्टूबर) देर रात उसका शव घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर जंगल में बने तालाब में मिला. परिजनों ने शव मिलने की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है. पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी.
इसे भी पढ़ें- यूपी में 30 जिलों में बारिश का अलर्ट, लखनऊ में 40 हजार घरों में भरा पानी; 32 जिलों में बाढ़ जैसे हालात
मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हंसारी स्थित हरिजन कॉलोनी का है. मृतक की पहचान अंश अहिरवार के रूप में हुई है. वह स्थानीय रामलखन स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र था.
चाय पीकर घर से निकला, फिर नहीं लौटा
परिजनों के मुताबिक, अंश गुरुवार को स्कूल नहीं गया था. शाम करीब छह बजे घर पर चाय पीने के बाद वह खेलने के लिए बाहर निकला. देर शाम तक वापस नहीं आने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. रात करीब 11 बजे परिजनों ने पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दी. शुक्रवार को पुलिस और परिवार के लोग उसकी तलाश करते रहे.
जंगल के तालाब में मिला शव
शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक पड़ोसी ने परिवार को जंगल में बने तालाब में बच्चे का शव मिलने की सूचना दी. परिजन मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस पहले से मौजूद थी. दादा तुलसी अहिरवार के मुताबिक, अंश के शव पर कपड़े नहीं थे और उसके कपड़े भी नहीं मिले थे.
दादा ने जताई हत्या की आशंका
अंश के दादा तुलसी अहिरवार ने आशंका जताई कि उनका पोता इतनी दूर अकेले नहीं जा सकता था. उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चे की हत्या कर शव तालाब में फेंका गया हो सकता है. हालांकि, हत्या की आशंका की अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें- 1 करोड़ का बीमा और बच्चों को 8 लाख… यूपी सरकार ने खोला सौगातों का पिटारा, जानिए किसे और कैसे मिलेगा फायदा
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सीओ सदर आईपीएस सिमरन सिंह के अनुसार, अंश के लापता होने की सूचना मिलने के बाद मामला दर्ज कर पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं. शुक्रवार रात तालाब में बच्चे का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

