झांसी. झांसी में शादी तय होने से नाराज एक युवक ने 19 वर्षीय प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी. आरोपी दीवार फांदकर घर में घुसा और छात्रा की कनपटी से तमंचा सटाकर गोली मार दी. वारदात के बाद वह अपने घर पहुंचा और खुद को गोली मारने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने उसे रोक लिया. इसके बाद वह फरार हो गया. पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

इसे भी पढ़ें- संभल में 74 साल की रामबेटी की अनोखी अंतिम यात्रा, अर्थी के पीछे 15 KM चले पालतू हाथी परमा और मोहन

चार साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

घटना बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की है. मृतका चंचल रायकवार लहरगिर्द खोड़न गांव की रहने वाली थी और आर्य कन्या स्कूल में कक्षा-9 की छात्रा थी. परिजनों के मुताबिक, उसका गांव के ही कमल रायकवार से करीब चार साल से प्रेम प्रसंग था.

शादी तय होने के बाद दादी के घर भेजा

चंचल के पिता ने उसकी शादी बबीना के खैलार में तय कर दी थी. शादी 12 दिसंबर को होनी थी. परिजनों का आरोप है कि कमल शादी की जानकारी मिलने के बाद चंचल को धमकाता था. खतरे की आशंका के चलते करीब दो महीने पहले उसे सीपरी बाजार स्थित दादी के घर भेज दिया गया था.

मौका देखकर दीवार फांदकर घर में घुसा

बुधवार को चंचल की दादी काम पर गई थीं, जबकि दादा खेत और चाचा मछली पकड़ने चले गए थे. चाचा ने चंचल को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया था. इसी दौरान कमल दीवार फांदकर घर में घुसा और उसकी कनपटी पर गोली मार दी. इसके बाद रास्ते में चंचल के चाचा को रोककर कहा कि जाकर अपनी भतीजी को देख लो.

इसे भी पढ़ें- यूपी पुलिस की FIR में अब नहीं लिख सकेंगे ‘इज्जत लूट ली’ और ‘दरिंदा’, DGP ने जारी किए निर्देश

रात में पुलिस से मुठभेड़, पैर में लगी गोली

वारदात के बाद एसएसपी विकास कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाईं. रात करीब 11 बजे पुलिस ने सीपरी बाजार इलाके में कमल को घेर लिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है. परिजनों का आरोप है कि आरोपी चंचल का लंबे समय से पीछा कर रहा था और स्कूल बदलने के बाद भी उसका पीछा नहीं छोड़ा.