झांसी. उत्तर प्रदेश के झांसी में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. बबीना थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार एक परिवार को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में 4 साल के मासूम बच्चे और उसकी दादी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है.

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया. हादसे के बाद सड़क पर शवों के टुकड़े बिखर गए. मौके का मंजर देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए.

इसे भी पढ़ें- 20 रुपये के लिए दोस्त की ले ली जान, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली

पोते की जिद बनी आखिरी सफर

जानकारी के मुताबिक, बबीना थाना क्षेत्र के चंदौली गांव निवासी आनंद रजक अपनी पत्नी उर्मिला और पोते संस्कार उर्फ भानू के साथ मेडिकल कॉलेज गए थे. उनकी बेटी शिवानी ने बच्ची को जन्म दिया था, जिसे देखने के लिए परिवार अस्पताल पहुंचा था. आनंद बाइक नहीं चला पाते थे, इसलिए पड़ोसी गांव सुकुवां निवासी रविंद्र पाल को बाइक चलाने के लिए साथ ले गए थे. लौटते समय 4 साल का भानू भी दादी के साथ जाने की जिद करने लगा. परिजनों ने बताया कि बच्चे के रोने के बाद दादी उसे अपने साथ ले गईं.

ट्रक ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर

रात करीब 8:30 बजे जब परिवार बीएचईएल स्थित महिमा ढाबे के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी. हादसे के बाद ट्रक बाइक को लगभग 200 मीटर तक घसीटता चला गया. बाइक पर सबसे आगे बैठे मासूम भानू के ऊपर ट्रक का पहिया चढ़ गया. बच्चे का सिर धड़ से अलग हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. उसकी दादी उर्मिला ने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया.

अस्पताल में बेटे की लाश देखकर बेहोश हुआ पिता

हादसे की सूचना मिलते ही घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया गया. इस दौरान बच्चे के पिता महेंद्र अस्पताल पहुंचे. जैसे ही उन्होंने अपने 4 साल के बेटे का शव देखा, वह बदहवास हो गए और रोते-रोते बेहोश हो गए. परिजनों के मुताबिक, महेंद्र को पहले अपने बच्चे और मां की जानकारी नहीं थी. वह लगातार एंबुलेंस चालक और पुलिसकर्मियों से उनके बारे में पूछते रहे. जब उन्हें मौत की खबर मिली तो उनका हाल बेहाल हो गया.

इलाज के दौरान तीसरे युवक की मौत

हादसे में आनंद रजक और बाइक चला रहे रविंद्र पाल भी घायल हुए थे. दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान रात करीब 12 बजे रविंद्र की भी मौत हो गई. रविंद्र की शादी करीब 11 महीने पहले हुई थी. परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी. उसके मौत की खबर सुनकर पत्नी और मां बेसुध हो गईं.

इसे भी पढ़ें- शिक्षा, सवाल और सियासतः स्कूल ठीक करने को लेकर Zen Alpha के प्रदर्शन पर मायावती ने जाहिर की चिंता, सवाल उठाते हुए कर दी बड़ी अपील

पुलिस ने शुरू की जांच

सीओ सदर प्रिया सिंह ने बताया कि ट्रक झांसी से ललितपुर की ओर जा रहा था. उसने पीछे से बाइक को टक्कर मारी. हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि एक घायल का इलाज चल रहा है. पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हादसे के बाद पुलिस ट्रक चालक और दुर्घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.