कुंदन कुमार, पटना। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने नीट पेपर लीक, प्रशांत किशोर की पार्टी की चुनावी जीत और बिहार की राजनीति को लेकर विपक्ष और मीडिया के बयानों पर खुलकर अपनी राय रखी है।
नीट पेपर लीक और विपक्ष की राजनीति पर निशाना
जीतना राम मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नीट परीक्षा में किसी भी तरह की धांधली को रोकने के लिए संसद में एक कड़ा कानून लेकर आई, जिसे पास भी कराया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ये बच्चे हमारे ही हैं और उनसे संवाद करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जो दल इस मुद्दे पर सिर्फ हाय-तौबा मचा रहे हैं, उन्हें अपने शासित राज्यों (जैसे कांग्रेस शासित राज्य) में भी ऐसा ही कड़ा कानून लागू करना चाहिए। विपक्ष सिर्फ सदन में हंगामा कर रहा है, जो कि लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
बेलागंज उपचुनाव और प्रशांत किशोर पर प्रतिक्रिया
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की बेलागंज विधानसभा सीट पर जीत को मांझी ने कोई बड़ी बात नहीं माना। मांझी ने याद दिलाया कि जब उनकी बहू चुनावी मैदान में थीं, तब प्रशांत किशोर की रणनीति क्या थी, यह सब जानते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि एनडीए के प्रत्याशी की हार एनडीए के आपस में बेहतर तालमेल (कोऑर्डिनेशन) की कमी की वजह से हुई, जिसे सुधारा जाएगा।


