प्रमोद कुमार, कैमूर। कैमूर पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने 49 हजार रुपए लूटकांड मामले का खुलासा करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने लूट के 39 हजार रुपए भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने अपराधियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए बाइक, दो मोबाइल को भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों ने भभुआ से 20 किलोमीटर दूर से बाइक का पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही चांद थाना क्षेत्र में युवक के साथ लूटकांड की घटना को अंजाम दिया।
भभुआ एसडीपीओ ने किया खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के मोकरी गांव निवास स्वर्गीय अनिरुद्ध सिंह पटेल 18 वर्षीय पुत्र रौशन पटेल एवं वीरेंद्र सिंह के 20 वर्षीय पुत्र सरदार पटेल के रूप में हुई है। मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए भभुआ एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि, 1 जून को संध्या के समय चांद थाना क्षेत्र अंतर्गत एम, एस लाइब्रेरी के पास दो अज्ञात अपराध कर्मियों के द्वारा चांद थाना क्षेत्र के ढोबहा गांव निवासी रामाशंकर पांडे से 49000 रुपए की लूट की गई थी, जिनके द्वारा थाना में आवेदन दिया गया था।
20 KM पीछा कर लूटे थे पैसे
भभुआ एसडीपीओ ने बताया कि, कैमूर पुलिस ने आवेदन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 36 घंटा के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, तथा दोनो के पास से लूट किया गया पैसा में से 39 हजार रुपए भी बरामद किया गया है। दोनों अभियुक्तों को भभुआ के हवाई अड्डा के पास से गिरफ्तार किया गया है।
एसडीपीओ ने बताया कि रामाशंकर पांडे भभुआ बैंक में पैसा निकालने के लिए आए थे। वहीं से यह दोनों पैसा छीनने की नियत से पीड़ित के पीछे लग गए हुए थे। पैसा निकालने के बाद रामाशंकर पांडे पीकअप पर बैठकर अपने घर चांद के लिए चल दिए, जहां भीड़ की वजह से आरोपियों का दाल नहीं गला तो वे बाइक से 20 किलो मीटर तक पिकअप का पीछा कर चांद तक आए और सुनसान जगह अकेले देखते ही पीड़ित रामाशंकर पर टूट पड़े और घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने 36 घंटे के अंदर किया गिरफ्तार
एसडपीओ ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए महज 36 घंटों के अंदर इस घटना का खुलासा करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने छिनतई की बात कबूल कर ली है। दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
ये भी पढ़ें- 5 लाख करोड़ निवेश लक्ष्य के बीच श्रेयसी सिंह का बड़ा ऐलान, व्यापारियों को मिलेगा आसान आर्म्स लाइसेंस

