झज्जर। जिले में नक्शा ठीक करने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रोहतक ने मंगलवार शाम कार्रवाई करते हुए एक कानूनगो को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रामबीर कानूनगो के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने विजिलेंस रोहतक ब्यूरो में शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी सरोज देवी के नाम गांव दादरी तोय, तहसील बादली में करीब 20 कनाल 5 मरले जमीन है। जमीन तकसीम का मामला नायब तहसीलदार बादली की कोर्ट में विचाराधीन है। आरोप है कि मामले में कानूनगो रामबीर को तकसीम का नक्शा तैयार कर कार्यालय में जमा करवाना था, लेकिन उसने गलत नक्शा जमा कर दिया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक नक्शा सही बनाकर जमा करवाने के बदले आरोपी ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। आरोप है कि शिकायतकर्ता की पत्नी पहले ही आरोपी को 3 हजार रुपये दे चुकी थी, जबकि बाकी 7 हजार रुपये लेने के लिए आरोपी मंगलवार शाम मैक्स सिटी रिलायंस पहुंचा।

विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि ली, उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी कानूनगो के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।