कटिहार। ​सोमवार की सुबह कटिहार के नगर थाना क्षेत्र स्थित पटेल चौक पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अपराधियों ने कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले एक अधिवक्ता की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अधिवक्ता गुड्डू अंसारी के रूप में हुई है, जो कटिहार कोर्ट में वकालत करते थे। इस सनसनीखेज वारदात का लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें अपराधी पूरी बेखौफ अंदाज में नजर आ रहे हैं।

​सीढ़ियों पर घेरकर दिया वारदात को अंजाम

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता गुड्डू अंसारी सोमवार सुबह घर का सामान लाने के लिए बाजार गए थे। इसी दौरान पटेल चौक के पास जैसे ही वे सीढ़ी पर चढ़कर दुकान की तरफ जाने लगे, पहले से घात लगाए बैठे तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपियों ने उन्हें सीढ़ी के पास रोका और फिर उनमें से एक ने बेहद नजदीक से उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही गुड्डू अंसारी जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी बड़े आराम से पैदल ही मौके से फरार हो गए।

​पुराने रास्ते का विवाद बना हत्या की वजह

​शुरुआती जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर हत्या की मुख्य वजह पुराना रास्ता का विवाद सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक अधिवक्ता की बहन तबस्सुम का लगभग दो महीने पहले पड़ोसी ‘सोखवा’ और उसके परिजनों से रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में नगर थाने में केस भी दर्ज कराया गया था। इसी रंजिश के चलते कुछ दिन पहले कटिहार न्यायालय परिसर में ही गुड्डू अंसारी और सोखवा के बीच तीखी नोकझोक और विवाद हुआ था, जहां आरोपी ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और केस वापस लेने की धमकी दी थी। परिवार का आरोप है कि केस वापस न लेने की जिद के कारण ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया है।

​पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच तेज

​घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान अवस्था में अधिवक्ता को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्णिया रेंज के आईजी विवेकानंद ने एसपी और अन्य वरीय अधिकारियों के साथ घटनास्थल का मुआयना किया और पुलिस टीम को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस वायरल लाइव फुटेज और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से अपराधियों की पहचान करने और उनकी धर-पकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।