अनूप दुबे, कटनी। कटनी शहर के स्पा सेंटरों में चल रहे अनैतिक देह व्यापार और संदिग्ध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों पर रविवार शाम बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस की विशेष टीम ने दो प्रमुख स्पा सेंटरों पर एक साथ अचानक दबिश दी। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से स्पा संचालकों और अनैतिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों स्थानों से कुल 16 लोगों 10 महिलाओं और 6 पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कमल मौर्य ने बताया इस विशेष जांच टीम का नेतृत्व डीएसपी शिवा पाठक और महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर कर रही थीं। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से रविवार शाम बरगवां स्थित आवां स्पा सेंटर और कटाई घाट मोड़ के पास संचालित नेचरल हाई स्पा सेंटर पर एक साथ छापा मारा। पुलिस के अचानक पहुंचने से सेंटरों के भीतर अफरा-तफरी मच गई। ​तलाशी के दौरान पुलिस को दोनों स्पा सेंटरों के कमरों से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक टैबलेट्स और शराब की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने इन सभी सामग्रियों को जब्त कर सील कर दिया है।

अन्य राज्यों की युवतियों का कनेक्शन, मानव तस्करी का अंदेशा

प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि स्पा सेंटरों में काम करने वाली महिलाओं में मध्य प्रदेश के अलावा अन्य दूरस्थ राज्यों की युवतियां भी शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में कुछ महिलाओं के असम, हरियाणा और पश्चिम बंगाल से होने की बात सामने आई है। पुलिस अब इन महिलाओं के पहचान पत्रों, निवास दस्तावेजों और अनुबंध पत्रों की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच आगे बढ़ा रही है कि कहीं यह मामला अंतरराज्यीय मानव तस्करी या जबरदस्ती देह व्यापार में धकेले जाने से तो नहीं जुड़ा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m