प्रदीप गुप्ता, कवर्धा। कबीरधाम जिले में जारी सड़क निर्माण कार्यों के बीच कलेक्टर गोपाल वर्मा ने गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में उन्होंने पिपरिया नगर पंचायत से गांगपुर तक बन रही सड़क का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 3 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से 3.80 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अचानक मौके पर पहुंचे और तकनीकी उपकरणों की मदद से सड़क की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। उन्होंने डामरीकरण, गिट्टी-बजरी समेत उपयोग में लाई जा रही सामग्री की भी जांच की।

कलेक्टर वर्मा ने केवल सतही निरीक्षण तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि मौके पर ही सड़क की खुदाई कर अंदरूनी परतों की गुणवत्ता भी परखी। इस दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिकारी और संबंधित ठेकेदार मौके पर मौजूद रहे।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य अभी जारी है और डामरीकरण समेत अन्य प्रक्रियाएं प्रगति पर हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार सड़क का निर्माण किया जा रहा है।
प्राथमिक जांच में सड़क की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई है, हालांकि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्माण सामग्री के सैंपल लैब परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण से अन्य निर्माण कार्यों में लगे अधिकारियों और ठेकेदारों में भी हड़कंप मच गया है। यह सड़क लंबे समय से ग्रामीणों की मांग रही है, क्योंकि पिपरिया से गांगपुर तक का मार्ग बेहद जर्जर हो चुका था।
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों के लिए एंबुलेंस सेवा और आम नागरिकों के आवागमन में काफी सुधार होगा। बताया जा रहा है कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर इस सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी गई है।
निरीक्षण के बाद कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कार्य पर संतोष जताया और अन्य विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए आगे बढ़ गए।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

