Punjab Desk, मोहाली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के पंजाब दौरे का आज तीसरा और आखिरी दिन है। आज शाम अरविंद केजरीवाल सूबे के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मोहाली पहुंचेंगे, जहां वे एक विशाल रोड शो का नेतृत्व करेंगे। मोहाली में पहली बार आम आदमी पार्टी का मेयर बनने की खुशी में यह रोड शो निकाला जा रहा है। गौरतलब है कि मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह के बेटे को मेयर नियुक्त किया गया है।
सुरक्षा इंतजामों के चलते इंटरनेट सेवा प्रभावित, लोग परेशान
हाई-प्रोफाइल रोड शो को देखते हुए प्रशासन की टीमों ने सुरक्षा कारणों से रूट पर आने वाली कुछ तारों को हटा दिया है। इसके चलते सेक्टर 78 स्टेडियम और उसके आसपास के रिहायशी इलाकों में इंटरनेट सेवा ठप हो गई है, जिससे स्थानीय निवासियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहरी सीटों पर आप का खास फोकस
अरविंद केजरीवाल का यह तीन दिवसीय पंजाब दौरा मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों पर केंद्रित रहा है। हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी ने 8 नगर निगमों में से 5 पर जीत दर्ज की है। शुक्रवार को केजरीवाल ने बठिंडा में बड़ा रोड शो किया, जहां उन्होंने भगवंत मान को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया और संकेत दिए कि चुनाव नवंबर में हो सकते हैं। शनिवार को जालंधर में नवगठित व्यापार कमीशन के साथ बैठक की और एक धार्मिक समारोह में भी हिस्सा लिया। आज रविवार को मोहाली में मेगा रोड शो के जरिए शक्ति प्रदर्शन करेंगे।
आगामी विधानसभा चुनावों के लिए फूंकेंगे चुनावी बिगुल
इस रोड शो के जरिए अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान जहां एक ओर मेयर चुनने के लिए जनता का धन्यवाद करेंगे, वहीं दूसरी ओर आगामी विधानसभा चुनावों के लिए समर्थन की अपील भी करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

