बलिया. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी की PDA रथ यात्रा को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. बलिया की बांसडीह सीट से भाजपा विधायक केतकी सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका रथ तेल भरने नहीं, बल्कि साइकिल का पंचर बनवाने गया है. केतकी सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव पंचर ही बनवाते रह जाएंगे.

इसे भी पढ़ें- रायबरेली पहुंचेंगे अखिलेश यादव, PDA रथ से करेंगे दौरा; पोस्टरों में लिखा- वेलकम बॉस…

‘साइकिल के अंग-भंग हो गए हैं’

केतकी सिंह ने कहा कि साइकिल के अंग-भंग हो गए हैं. उन्होंने PDA को लेकर कहा कि चाहे कोई भी समाज हो, PDA उनके अनुसार भाजपा के साथ है. उनके बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और सपा के बीच जारी राजनीतिक बयानबाजी के तौर पर देखा जा रहा है.

संजय निषाद के बयान पर भी प्रतिक्रिया

एनडीए में सहयोगी दलों को लेकर निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के बयान पर भी केतकी सिंह ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि संजय निषाद एनडीए के कुनबे को छोड़कर नहीं जाएंगे और उनका आशीर्वाद पार्टी को मिलता रहेगा. केतकी सिंह ने गठबंधन के सभी साथियों के एकजुट होने की बात भी कही.

24 सितंबर से PDA रथ अभियान

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव 24 सितंबर को रायबरेली से PDA रथ के जरिए अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं. कार्यक्रम के अनुसार वह चुरुआ से रथ पर सवार होकर रायबरेली पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे.

इसे भी पढ़ें- वृंदावन में साधु की महिलाओं ने की पिटाई, 100 महिलाओं को जाल में फंसाने का आरोप

2027 की तैयारी से जोड़ा जा रहा अभियान

सपा की प्रस्तावित PDA यात्रा को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. पार्टी के अनुसार PDA का अर्थ पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक सामाजिक समूहों से जुड़ा गठजोड़ है. प्रस्तावित अभियान को आगे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों तक ले जाने की योजना बताई गई है.