मथुरा. वृंदावन में महिलाओं के एक समूह ने एक साधु की लाठी-डंडों और चप्पलों से पिटाई कर दी. महिलाएं साधु को गेस्ट हाउस के कमरे से खींचकर बाहर ले आईं और वहां भी उसकी पिटाई की. महिलाओं ने आरोप लगाया कि साधु विधवा और निसंतान महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता था और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था. पुलिस ने साधु को हिरासत में लिया है और एक महिला की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ेंं- गणपति विसर्जन के दौरान सई नदी में डूबे 3 युवक, एक का शव मिला; दो की तलाश जारी

भोपाल की रहने वाली एक महिला ने करीब सात महीने पहले राजस्थान पुलिस से शिकायत की थी. महिला के अनुसार, उसकी मुलाकात चित्तौड़गढ़ के एक देवी मंदिर में सवाई माधोपुर निवासी साधु हिम्मत गिरी उर्फ हेमंत राज मीणा (50) से हुई थी. आरोप है कि साधु ने संपर्क बढ़ाकर उसे अपने जाल में फंसाया और बाद में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. विरोध करने पर मारपीट का भी आरोप लगाया गया.

आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल का आरोप

महिला का आरोप है कि साधु संबंध बनाने के दौरान महिलाओं के वीडियो बना लेता था और बाद में उन्हें ब्लैकमेल करता था. महिलाओं का दावा है कि बदनामी के डर से कई पीड़िताएं सामने नहीं आईं. एक अन्य महिला ने बताया कि उसकी आरोपी से फेसबुक के जरिए पहचान हुई थी. आरोप है कि साधु अलग-अलग नामों से महिलाओं से संपर्क करता था और खास तौर पर विधवा व निसंतान महिलाओं को निशाना बनाता था.

वृंदावन बुलाकर पकड़ने की बनाई योजना

महिलाओं ने साधु को पकड़ने के लिए विश्व हिंदू परिषद के कुछ पदाधिकारियों से संपर्क किया. मथुरा महानगर गोरक्षा प्रमुख लक्ष्मण सिंह के अनुसार, महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर योजना बनाई और साधु से संपर्क कर उसे वृंदावन बुलाया. साधु चैतन्य बिहार स्थित एक गेस्ट हाउस में पहुंचा. इसकी जानकारी मिलते ही महिलाएं वहां पहुंच गईं और उसकी पिटाई शुरू कर दी.

इसे भी पढ़ें- मुसलमानों के लिए भारत से अच्छा देश, हिंदुओं से अच्छा दोस्त नहीं, 2027 सपा का आखरी चुनाव- दानिश अंसारी

पुलिस ने हिरासत में लिया, जांच जारी

महिलाएं साधु को कमरे से खींचकर बाहर ले आईं. इसके बाद लाठी-डंडों, चप्पलों और लात-घूंसों से उसकी पिटाई की गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साधु को वृंदावन कोतवाली ले गई. इंस्पेक्टर क्राइम धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि एक महिला ने शिकायत दी है. शिकायत के मुताबिक आरोपी राजस्थान का रहने वाला है और पीड़िता मध्य प्रदेश की है. घटना राजस्थान में होने की बात कही गई है. पुलिस शिकायत और सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.