लखनऊ. गणपति प्रतिमा विसर्जन के दौरान मंगलवार(22 सितंबर 2026) शाम मोहनलालगंज क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया. सई नदी के जबरेला पुल के पास प्रतिमा विसर्जन के लिए नदी में उतरे तीन युवक तेज बहाव और गहराई की चपेट में आकर डूब गए. हादसे के बाद स्थानीय गोताखोरों ने तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद SDRF और NDRF की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन संभाला. बुधवार को धीरज का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दो अन्य युवकों की तलाश जारी है.

इसे भी पढ़ें- धर्म परिवर्तन से ST दर्जा खत्म नहीं, लेकिन जनजातीय पहचान छोड़ने पर लाभ का दावा नहीं: हाईकोर्ट

गणपति प्रतिमा लेकर नदी पहुंचे थे श्रद्धालु

जानकारी के मुताबिक, सिसेंडी के कोरियानी मोहल्ले से मंगलवार शाम करीब 5 बजे सैकड़ों श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ गणपति प्रतिमा लेकर विसर्जन के लिए निकले थे. जबरेला पुल के पास सिसेंडी निवासी हरिप्रसाद (40), धीरज (35) और प्रमोद (22) प्रतिमा लेकर सई नदी में उतरे.

गहरे पानी और तेज बहाव में फंसे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विसर्जन के दौरान तीनों अचानक नदी के गहरे हिस्से में चले गए. पानी का बहाव काफी तेज था. इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे. आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की. इस दौरान तीनों युवक कुछ पल के लिए पानी के ऊपर दिखाई दिए, लेकिन तेज बहाव में फिर ओझल हो गए.

ग्रामीणों ने नदी में उतरने से रोका

युवकों को डूबता देख किनारे मौजूद ग्रामीण बांस लेकर उन्हें बचाने के लिए नदी की ओर बढ़े. हालांकि, पुल पर मौजूद लोगों ने नदी का तेज बहाव और गहराई देखते हुए उन्हें पानी में उतरने से रोक दिया.इसके बाद स्थानीय गोताखोरों ने काफी देर तक युवकों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली.

इसे भी पढ़ें- मुसलमानों के लिए भारत से अच्छा देश, हिंदुओं से अच्छा दोस्त नहीं, 2027 सपा का आखरी चुनाव- दानिश अंसारी

NDRF ने बरामद किया धीरज का शव

स्थानीय गोताखोरों के असफल रहने के बाद SDRF और NDRF की टीमों को बुलाया गया. टीमों ने नदी में जाल डलवाकर तलाश शुरू की. रात होने पर टॉर्च और सर्च लाइट की मदद से अभियान चलाया गया. बुधवार को NDRF की टीम ने धीरज का शव बरामद कर लिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. हरिप्रसाद और प्रमोद की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. हादसे के बाद नदी किनारे परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही.