अमित पांडेय, खैरागढ़। जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा चलाए जा रहे “सही दवा, शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। 45 दिवसीय सघन जांच अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने बाजार अतरिया, छुईखदान और खैरागढ़ शहर के कई प्रतिष्ठानों में दबिश देकर एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त की और उसे मौके पर ही नष्ट कराया।

narayana

जांच के दौरान बाजार अतरिया स्थित वर्मा बेकर्स से एक्सपायरी माजा की बोतलें बरामद की गईं। वहीं वर्मा किराना स्टोर्स से कालातीत नमकीन और कुरकुरे जब्त किए गए। इसी तरह छुईखदान के कृष्णा बेकर्स में एक्सपायरी कोकोनट वाटर और अन्य पैकेट बंद खाद्य सामग्री मिली, जिसे टीम ने तत्काल नष्ट कराया।

खैरागढ़ के नर्मदा क्षेत्र स्थित माँ नर्मदा डेली नीड्स में भी जांच के दौरान एक्सपायरी खाद्य पैकेट पाए गए। विभागीय टीम ने दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

डेयरी, मिठाई और मेडिकल दुकानों की भी जांच

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने डेयरी, मिठाई दुकानों, जूस सेंटर, किराना स्टोर, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर यूनिट और मेडिकल प्रतिष्ठानों की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान कई जगह खाद्य पंजीयन और लाइसेंस नहीं पाए जाने पर संबंधित संचालकों को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने साफ कहा कि खाद्य पदार्थों में अखबारी कागज, अखाद्य रंग और निर्धारित मात्रा से अधिक रंग का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

विभाग ने लोगों से की अपील

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम नागरिकों से भी सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा कि खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, बैच नंबर और गुणवत्ता की जांच जरूर करें। किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें।

विभाग के अनुसार अभियान के दौरान अब तक करीब 50 नए पंजीयन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें कई का निराकरण कर लाइसेंस और पंजीयन जारी किए जा चुके हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H