इमरान खान, खंडवा। खंडवा में एसडीईआरएफ ने ऐसा रेस्क्यू ऑपरेशन किया, जिसे जिले के सबसे चुनौतीपूर्ण अभियानों में गिना जा रहा है। करीब 10 घंटे तक तेज बहाव और अंधेरी रात से जूझने के बाद नदी के बीच टापू पर फंसे चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ड्रोन से खाना, पानी और लाइफ जैकेट पहुंचाई गई, जबकि सुबह होते ही संयुक्त टीम ने अंतिम अभियान चलाकर सभी की जान बचा ली।
खंडवा जिले के हांडीकुंड क्षेत्र में सुक्ता नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से चार युवक नदी के बीच बने टापू पर फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ खंडवा की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तेज बहाव के कारण शुरुआती प्रयास सफल नहीं हो सके। इसके बाद प्रशासन ने रणनीति बदली। ड्रोन के जरिए फंसे युवकों तक लाइफ जैकेट, भोजन और पेयजल पहुंचाया गया। पूरी रात मोबाइल पर संपर्क बनाए रखकर उनका हौसला बढ़ाया गया।
ये भी पढ़ें: MP वालों सावधान! एक साथ 3 वेदर सिस्टम एक्टिव, अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी
साथ ही एसडीईआरएफ इंदौर, एनडीआरएफ उज्जैन और हेलीकॉप्टर की भी तैयारी रखी गई। जलस्तर में कमी आने के बाद एसडीईआरएफ खंडवा और इंदौर की संयुक्त टीम ने सुरक्षा रस्सियों की मदद से मोटरबोट को तेज धारा के बीच टापू तक पहुंचाया और शुक्रवार सुबह करीब 4:45 बजे चारों युवकों को सकुशल रेस्क्यू कर लिया।
मौके पर प्रशासन, पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय ग्रामीण पूरी रात डटे रहे। एनडीआरएफ की टीम रास्ते में थी, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही एसडीईआरएफ ने सफल रेस्क्यू पूरा कर लिया। इस अभियान को जिले के सबसे कठिन और सफल जल-रेस्क्यू अभियानों में से एक माना जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


