इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर अपनी धाक जमाने वाले आपराधिक गिरोह के खिलाफ पुलिस ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायरदेवास जिले के कालापाट निवासी सिकलीगर मनोज को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बिक्री के लिए तैयार रखे गए 10 अवैध फायर आर्म्स के साथ हथियार बनाने के तमाम उपकरण बरामद किए हैं।
ये भी पढ़ें: पेंट के डिब्बों में छिपाकर लाया जा रहा था गांजा, पुलिस और क्राइम ब्रांच ने 4 करोड़ के गांजे के साथ दो आरोपियों को दबोचा
जुलाई में पकड़े गए आरोपी से खुला था नेटवर्क
इस पूरे मामले की शुरुआत 9 जुलाई 2026 को हुई थी, जब पुलिस को बबरीवन क्षेत्र में एक युवक के अवैध पिस्टल के साथ घूमने की पुख्ता सूचना मिली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आफताब उर्फ घुटला को दबोच लिया था, जिसकी तलाशी के दौरान कमर से देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद हुई थी।
आफताब से हुई कड़ाई से पूछताछ और आगे की विवेचना में यह बात सामने आई थी कि उसने यह अवैध हथियार अमन उर्फ लाला से अपने साथियों सलमान और आबिद की मदद से खरीदे थे। इसके बाद पुलिस ने अमन उर्फ लाला को गिरफ्तार कर उसका जुलूस भी निकाला था। जब सलमान और आबिद से पूछताछ की गई, तो उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें ये अवैध पिस्टल्स देवास जिले के कालापाट निवासी मनोज सिकलीगर ने उपलब्ध कराई थीं।
साढ़े तीन महीने से फरार था मुख्य तस्कर मनोज
मुख्य सप्लायर मनोज सिकलीगर घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था और पुलिस पिछले करीब साढ़े तीन महीने से उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार, खंडवा पुलिस ने दबिश देकर आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने पूर्व में अमन उर्फ लाला, आबिद और सलमान को अवैध हथियार बेचे थे।
ये भी पढ़ें: तंत्र-मंत्र और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 20 लाख की ठगीः महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके ठिकाने से 10 अवैध फायर आर्म्स के अलावा हथियार तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त कर लिए हैं। फिलहाल, पुलिस इस पूरे अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य खरीदारों और कड़ियों की गहराई से छानबीन कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

