लखनऊ. भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की जमकर तारीफ की है। यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उनके बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय होने को लेकर चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, खेसारी लाल ने फिलहाल यूपी चुनाव लड़ने या सपा में शामिल होने की कोई घोषणा नहीं की है.
इसे भी पढ़ें- सत्ता वियोग में बेचैन राहुल गांधी… केशव मौर्य PM मोदी और उनकी मां का अपमान करने का लगाया आरोप, जानिए ऐसा क्या बोल गए?
‘राजनीति में अखिलेश से बड़ा कोई हीरो नहीं’
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में खेसारी लाल यादव, सांसद पप्पू यादव के साथ नजर आ रहे हैं. पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जैसे पप्पू यादव उनके दिल में बसते हैं, वैसे ही राजनीति में अखिलेश यादव उनके हीरो हैं. उन्होंने अखिलेश के व्यक्तित्व की तारीफ करते हुए कहा कि उनसे मुलाकात के दौरान उन्हें ऐसा नहीं लगता कि वह किसी नेता से मिल रहे हैं.
बिहार चुनाव में अखिलेश ने किया था समर्थन
खेसारी लाल यादव 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में छपरा सीट से आरजेडी उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे थे. चुनाव प्रचार के दौरान अखिलेश यादव ने छपरा पहुंचकर उनके समर्थन में जनसभा की थी और ‘अबकी बारी खेसारी’ का नारा भी दिया था. हालांकि, चुनाव में खेसारी लाल को हार का सामना करना पड़ा.
पहले भी अखिलेश की कर चुके हैं तारीफ
खेसारी लाल इससे पहले भी अखिलेश यादव के साथ अपनी मुलाकातों का जिक्र करते हुए उनकी तारीफ कर चुके हैं. उन्होंने बताया था कि अखिलेश यादव उन्हें राजनीति में आने के बजाय कलाकार के तौर पर काम करने की सलाह देते हैं. उनके मुताबिक अखिलेश कहते हैं कि वह कलाकार के रूप में ज्यादा अच्छे हैं और राजनीति उनके लिए नहीं है.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव हमेशा दलितों के खिलाफ रहे: ओपी राजभर, गेस्ट हाउस कांड और आरक्षण का भी किया जिक्र
यूपी चुनाव से पहले बयान के मायने
खेसारी लाल के ताजा बयान को यूपी विधानसभा चुनाव से पहले इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि अखिलेश यादव की पार्टी चुनावी तैयारियों में जुटी है. हालांकि, अभी तक खेसारी लाल की यूपी चुनाव में भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है. ऐसे में उनके बयान के आधार पर चुनावी मैदान में उतरने की अटकलों को फिलहाल सिर्फ राजनीतिक चर्चा के तौर पर ही देखा जा सकता है.



