KKR vs MI IPL 2026: आईपीएल 2026 के 65वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और मुंबई इंडियंस (MI) आमने-सामने हैं। ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे इस मैच में KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम निर्धारित 20 ओवर में संघर्ष करते हुए 147 रन ही बना सकी। अब कोलकाता के सामने जीत के लिए 148 रन का लक्ष्य है।

बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में मुंबई की बल्लेबाजी शुरुआत से ही लड़खड़ाती नजर आई। हालांकि निचले क्रम में कॉर्बिन बॉश ने 32 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

8 ओवर बाद बारिश ने रोका मैच

मुंबई इंडियंस की पारी के दौरान 8 ओवर बाद तेज बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते मैच रोकना पड़ा। बारिश आने तक मुंबई ने 4 विकेट खोकर 57 रन बना लिए थे। करीब एक घंटे के लंबे इंतजार के बाद मुकाबला दोबारा शुरू हुआ।

कैमरून ग्रीन ने शुरुआती ओवरों में मचाई तबाही

मुंबई के लिए रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन ने पारी की शुरुआत की, लेकिन टीम को पहला झटका जल्दी लग गया। कैमरून ग्रीन ने रयान रिकल्टन को 6 रन पर आउट कर KKR को पहली सफलता दिलाई।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आए नमन धीर भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। ग्रीन ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर मुंबई को शुरुआती दबाव में ला दिया।

सौरभ दुबे ने रोहित और सूर्या को भेजा पवेलियन

मुंबई को तीसरा झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा। युवा तेज गेंदबाज सौरभ दुबे ने रोहित को 15 रन के निजी स्कोर पर आउट कर बड़ी सफलता हासिल की। इसके कुछ देर बाद दुबे ने सूर्यकुमार यादव को भी चलता किया। सूर्या ने सिर्फ 6 गेंदों में 15 रन बनाए।

लगातार विकेट गिरने से मुंबई की टीम पूरी तरह दबाव में आ गई और पावरप्ले के बाद भी रन गति नहीं पकड़ सकी।

तिलक वर्मा की धीमी पारी, हार्दिक भी नहीं चले

बारिश के बाद मैच दोबारा शुरू होने पर हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने पारी संभालने की कोशिश की। हालांकि तिलक वर्मा काफी धीमी बल्लेबाजी करते नजर आए और 32 गेंदों में सिर्फ 20 रन बनाकर कार्तिक त्यागी का शिकार बने।

इसके बाद सुनील नरेन ने कप्तान हार्दिक पांड्या को 26 रन के स्कोर पर आउट कर मुंबई को बड़ा झटका दिया। वहीं विल जैक्स भी रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 7 गेंदों में 14 रन बनाए।

कॉर्बिन बॉश ने संभाली पारी

ऊपरी क्रम के पूरी तरह फ्लॉप रहने के बाद निचले क्रम में कॉर्बिन बॉश ने जिम्मेदारी संभाली। बॉश ने 32 रन की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को 147 रन तक पहुंचाया। वहीं दीपक चाहर 10 रन बनाकर आखिरी गेंद पर आऊट हो गए।

KKR के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन

कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी और कैमरून ग्रीन ने 2-2 विकेट झटके। वहीं अनुभवी स्पिनर सुनील नरेन को भी 1 सफलता मिली।

मुंबई की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी नजर आई और टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। अब देखना होगा कि KKR की बल्लेबाजी इस लक्ष्य का पीछा किस अंदाज में करती है।

KKR के लिए करो या मरो जैसा मुकाबला

यह मुकाबला KKR के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि कोलकाता नाइट राइडर्स प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के इरादे से मैदान में उतरी है, जबकि टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस सम्मान बचाने के लिए खेल रही है।

KKR फिलहाल पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर है और टीम के खाते में 11 अंक हैं। लगातार हार, खिलाड़ियों की चोट और खराब पावरप्ले प्रदर्शन ने टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालांकि कोलकाता अभी भी प्लेऑफ की रेस से पूरी तरह बाहर नहीं हुई है। इसके लिए टीम को अपने बाकी दोनों मुकाबले बड़े अंतर से जीतने होंगे।

KKR और MI की प्लेइंग 11

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)

अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती, सौरभ दुबे

इम्पैक्ट प्लेयर: फिन एलन, वैभव अरोड़ा, रमनदीप सिंह, तेजस्वी दहिया, राहुल त्रिपाठी

मुंबई इंडियंस (MI)

रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), विल जैक, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रित बुमरा, रघु शर्मा

इम्पैक्ट प्लेयर: शार्दुल ठाकुर, मयंक रावत, रॉबिन मिंज, कृष भगत, एएम गजनफर

कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के इस मुकाबले का लाइव प्रसारण दर्शक टेलीविजन पर Star Sports के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H