Kolkata RG Kar Rape Murder Case: पश्चिम बंगाल का बहुचर्चित कोलकाता आरजी कर रेप-मर्डर केस की फाइल फिर से खुल गई है। फाइल खुलते ही एक्शन भी शुरू हो गया है। कोलकाता आरजी कर मेडिकल कॉलेज की महिला डॉक्टर से रेप-मर्डर केस में 3 नई एफआईआर दर्ज हुई है। नई एफआईआर में पूर्व टीएमसी विधायक निर्मल घोष का नाम भी शामिल है। निर्मल घोष के अलावे काउंसलर सोमनाथ डे और परिवार के पड़ोसी संजीव मुखर्जी को नामजद किया है। बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट ने तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इन सभी पर साजिश और सबूत मिटाने की कोशिश के तहत FIR दर्ज हुआ है।

इन तीनों पर आरोप है कि पीड़िता के शव का अंतिम संस्कार जल्दबाजी में और परिवार की सहमति के बिना कराया गया, ताकि दूसरा पोस्टमार्टम न हो सके और सबूत छिपाए जा सकें। यह एफआईआर मृतक डॉक्टर के पिता की शिकायत पर खरदह थाने में दर्ज की गई है।

यह एफआईआर मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी के उस निर्देश के दो दिन बाद दर्ज हुई है, जो उन्होंने डॉक्टर की दूसरी पुण्यतिथि पर दिए थे। अधिकारी ने कहा था कि अंतिम संस्कार को लेकर कई सवाल हैं, जैसे संस्कार की फीस माफ किया जाना और परिवार के सदस्यों के हस्ताक्षर दस्तावेजों पर न होना। उन्होंने कहा था कि घोष, डे और मुखर्जी की भूमिका की जांच जरूरी है और उन्होंने बैरकपुर पुलिस कमिश्नर को इस पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, यह नया केस सीबीआई की उस जांच से अलग है जो रेप और मर्डर के मूल मामले में चल रही है। सीबीआई कोलकाता पुलिस से यह जांच अपने हाथ में ले चुकी है, जबकि दाह संस्कार से जुड़ा यह नया मामला सीधे खरदह पुलिस की जांच के दायरे में है।

जानें क्या है पूरा मामला

बता दें कि 31 साल की पीजी ट्रेनी डॉक्टर 9 अगस्त 2024 को आरजी कर अस्पताल के सेमिनार रूम में मृत पाई गई थी। जांच में सामने आया था कि उसके साथ रेप और मर्डर की घटना पिछली रात हुई थी। पुलिस के अनुसार, शव को पानीहाटी के एक श्मशान घाट ले जाया गया और कतार में लगे दो अन्य शवों को पीछे छोड़ते हुए जल्दी अंतिम संस्कार कर दिया गया। संस्कार की सहमति वाले दस्तावेजों पर लगे हस्ताक्षर भी पड़ोसियों के बताए जा रहे हैं, न कि पीड़िता के माता-पिता या परिवार के अन्य सदस्यों के। इस मूल मामले में एक व्यक्ति को दोषी ठहराया जा चुका है। मामला अभी कलकत्ता हाईकोर्ट में लंबित है।

पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m