बिलासपुर। मच्छर और जल जनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड ने कोटा क्षेत्र में सेवा और जागरूकता की पहल की है, जिसके तहत आज जिले के औरापानी आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद परिवारों को 1500 मच्छरदानियां और 500 क्लोरीन की बोतलें वितरित की गईं। इस दौरान ग्रामीणों को मलेरिया, डेंगू समेत अन्य मच्छर जनित बीमारियों से बचाव और सुरक्षित पेयजल के इस्तेमाल की जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य जांच के साथ बीमारी से बचाव की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जांच एवं डायग्नोस्टिक कैंप भी लगाया गया। इसमें ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य टीम और क्लब के सदस्यों ने ग्रामीणों को आसपास साफ-सफाई रखने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने और पानी को सुरक्षित रखने के संबंध में जागरूक किया।

अधिकारियों ने की सेवा कार्य की सराहना

कार्यक्रम में कोटा एसडीएम प्रवेश पैकरा और बिलासपुर सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम को बीपीएम श्वेता, मलेरिया नोडल अधिकारी वैष्णव और तहसीलदार राहुल साहू का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिला।

क्लब के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद

इस अवसर पर रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड के अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल, सचिव रोटेरियन रौनक साव गुप्ता और कोषाध्यक्ष रोटेरियन विमलेश अग्रवाल मौजूद रहे। इनके अलावा रोटेरियन डॉ. सुनील केडिया, डॉ. मनोज राय, पीयूष गुप्ता, चरनजीत गंभीर, डॉ. सिद्धार्थ वर्मा, शैलेश अग्रवाल, अखिलेश अग्रवाल, शरद अग्रवाल, अविनाश अग्रवाल और नितेश अग्रवाल सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

क्लब के अनुसार इस सेवा प्रकल्प को सफल बनाने में सभी सदस्यों का आर्थिक सहयोग और सक्रिय सहभागिता रही। मच्छरदानियों और क्लोरीन बोतलों के वितरण के साथ ग्रामीणों को बीमारियों की रोकथाम के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी गई।

रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड के अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि बीमारी का इलाज जरूरी है, लेकिन उससे भी महत्वपूर्ण है कि समय रहते लोगों को बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए और उन्हें जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि क्लब आगे भी समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए स्वास्थ्य, जागरूकता और सेवा से जुड़े कार्य लगातार करता रहेगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H