सत्या राजपूत, रायपुर। नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक-4 में आज महापौर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जोन के अधिकारी, विभिन्न वार्डों के पार्षद और नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जोन अध्यक्ष और जोन कमिश्नर के बीच भी अपेक्षित समन्वय नजर नहीं आ रहा है। वहीं, क्षेत्र के पार्षदों द्वारा लगातार यह शिकायत की जा रही है कि अधिकारियों की ओर से जनप्रतिनिधियों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।


नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने अपने वार्ड में जलभराव की समस्या को बैठक में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अधिकारियों से समस्या के निराकरण और मौके की वास्तविक स्थिति को लेकर जानकारी मांगी तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अधिकारियों द्वारा गलत जानकारी देने और गोल-मोल जवाब दिए जाने पर आकाश तिवारी नाराज हुए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल कागजों और बैठकों में स्थिति बताने के बजाय वे स्वयं मौके पर जाकर धरातल की वास्तविक स्थिति देखें।
तिवारी ने जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने की बात कही। बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष के तेवर से माहौल गरमा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वार्डों की जमीनी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति जवाबदेह होकर काम करना होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


