संजय वाणी, आलीराजपुर। जिले के जोबट नगर स्थित गणेश मंदिर क्षेत्र में एक सूने मकान में चोरी का प्रयास कर रहे बदमाशों का मामला उस वक्त गंभीर हो गया, जब स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ने की कोशिश की। घटना रिटायर्ड शिक्षक तुकाराम ढोले के सूने मकान की है, जहां चार आरोपी चोरी की नीयत से घुसे थे।

जनता को देखते ही भागने लगे बदमाश

चोरी की भनक लगते ही आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मकान को घेर लिया और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। आम लोगों को अपनी ओर आता देख चारों आरोपी घबराकर मौके से भागने लगे। इसी आपाधापी में भागते समय एक आरोपी पानसिंह अजनार (40) अचानक नीचे गिर पड़ा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

वर्चस्व की जंग में खूनी संघर्ष: करणी सेना के दो गुट आपस में भिड़े, 2 की मौत और 2 गंभीर घायल

इलाज के दौरान मौत, आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल जारी

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल पानसिंह अजनार को इलाज के लिए जोबट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बेलवानी (थाना बाग) निवासी पानसिंह अजनार के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के कई आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं और उसके कई राज्यों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड्स की आधिकारिक पुष्टि कर रही है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरी में शामिल अन्य तीन फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ घटनास्थल के हालातों, ग्रामीणों के पकड़ने के प्रयास और आरोपी के गिरने से लेकर अस्पताल में हुई मौत तक के पूरे घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल कर रही है।

एमपी सड़क हादसे में 2 मौतः विदिशा में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों और ऑटो को मारी टक्कर

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m