Lockdown Scam : पिछले दिनों प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से पेट्रोल और डीजल की बचत करने की अपील की थी। इसके लिए सभी से लॉकडाउन के दौरान अपनाए गए वर्क फ्रॉम होम मॉडल को फिर से अपनाने की भी अपील की गई थी। इस अपील के बाद से कई राज्यों में आंशिक लॉकडाउन या कहें कि वर्क फ्रॉम होम को अनिवार्य किया गया है। हैरानी की बात है कि इस मौके को साइबर अपराधी भुनाने से नहीं चूक रहे। लॉकडाउन के नाम पर WhatsApp पर ठगी का खेल शुरू कर चुके हैं।
संभव है कि आपको भी अनजान नंबर से WhatsApp पर लॉकडाउन नाम का पीडीएफ या एडवाइजरी शेयर किया जाए। ऐसे में भूलकर भी इस पर क्लिक करने की गलती न करें। ध्यान रखें कि ये फाइलें WAR LOCKDOWN NOTICE.pdf या Emergency Lockdown Order जैसे नाम से शेयर की जाती है, जिन्हें लोग जरूरी समझकर खोल बैठते हैं। ऐसा करने से आपका फोन हैक होने का खतरा बढ़ जाता है और संभव है कि आपका बैंक अकाउंट भी खाली कर दिया जाए।

क्या मैसेज आएगा WhatsApp पर?
लोगों से वर्क फ्रॉम होम को अपनाने की अपील की जाने के बाद से WhatsApp पर ठगी के इरादे से मैसेज भेजे जा रहे हैं। इन मैसेजेस को इस तरह से तैयार किया जाता है कि ये कोई सरकारी आदेश लगे, लेकिन इन पर क्लिक करने के बाद आपको किसी दूसरे वेबपेज पर रीडायरेक्ट कर दिया जाता है। कई मामलों में यह भी देखने को मिला है कि लॉकडाउन से जुड़े मैसेजेस की शक्ल में लोगों को APK फाइल भी भेजी जा रही है, जिसे अगर फोन में इंस्टॉल कर लिया जाए तो आपके फोन का एक्सेस दूर बैठे किसी शख्स को मिल सकता है।
WhatsApp मैसेज से ठगी कैसे?
दरअसल WhatsApp पर ठगी के इरादे से भेजे जा रहे मैसेजेस के जरिए लोगों के अकाउंट खाली करना कोई नई बात नहीं है। इस तरह के अटैक पहले भी होते रहे हैं। नया सिर्फ इतना है कि इसे प्रधानमंत्री की अपील से जोड़ दिया गया है, जिसकी वजह से लोग आसानी से ठगों का शिकार बन रहे हैं। पीडीएफ की शक्ल में आने वाले मैसेजेस पर क्लिक करने पर लोगों को किसी संदिग्ध वेबपेज पर भेजा जा सकता है, जहां लोगों से उनकी डिटेल निकलवाई जाती है और इसका इस्तेमाल बाद में ठगी के लिए होता है। इसी तरह कई मामलों में सरकारी आदेश की शक्ल में भेजे गए मैसेज APK फाइल भी निकलती है, जो कि फोन में इंस्टॉल हो जाए तो आपका फोन कोई भी एक्सेस कर सकता है और ऐसे में अकाउंट खाली होने में देर नहीं लगती।
खुद को कैसे बचाएं
खुद को WhatsApp या SMS पर आने वाले इस तरह के मैसेजेस से बचाने के लिए तीन बातों का ध्यान रखें।
- सबसे पहले अनजान नंबर से आने वाले मैसेजेस या चैट्स को खोलें ही नहीं। गलती से खोल लें तो अपनी डिटेल्स उपलब्ध न कराएं।
- अपने फोन में Unknown Sources को बंद रखें। इसके लिए आप फोन की सेटिंग्स में जाकर Unknown Sources सर्च कर सकते हैं और यह सेटिंग ऑन दिखे तो उसे बंद कर दें। इससे आपके फोन में APK फाइल इंस्टॉल नहीं हो पाएगी।
- लॉकडाउन या किसी भी तरह के सरकारी आदेशों के बारे में जानने के लिए WhatsApp की जगह ऑफिशियल सोर्स का इस्तमाल और भरोसा करें।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

