तेलंगाना पुलिस ने सिकंदराबाद के चर्चित यवन हत्याकांड का खुलासा करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में हत्या का मुख्य साजिशकर्ता भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम-प्रसंग और शादी को लेकर पैदा हुए विवाद ने इस सनसनीखेज हत्या को जन्म दिया।

डीसीपी रक्षिता मूर्ति ने बताया कि मृतक यवन (21) बीटेक थर्ड ईयर का छात्र था और युवती से पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध में था। युवती के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। इसी बीच साई किरण नामक युवक भी युवती से शादी करना चाहता था, जिसने बाद में हत्या की साजिश रची।

चार दिन पहले बनाई गई थी हत्या की योजना

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी साई किरण ने हत्या की साजिश चार दिन पहले ही तैयार कर ली थी। इस साजिश में युवती के पिता नरसिंह यादव, चाचा मल्लेश यादव और श्रीशैलम यादव, भाई परमेश तथा एक नाबालिग समेत कुल 10 लोग शामिल थे। आरोपियों ने चिलकलगुडा थाना क्षेत्र के मेदिभावी इलाके में यवन की हत्या की योजना बनाई थी।

घर बुलाकर किया हमला

घटना 7 मई की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, यवन का दोस्त सुब्बू उसे घर से बाहर बुलाने आया था। उसी दौरान अन्य आरोपी वहां पहुंचे और यवन से झगड़ा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने यवन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, यवन पर 16 से 17 बार चाकू से वार किए गए। बाद में अन्य आरोपियों ने भी हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्तों ने उसे तुरंत गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार और मुख्य आरोपी पहले भी दे चुके थे धमकी

जांच में पता चला है कि यवन और युवती एक-दूसरे को स्कूल के दिनों से जानते थे और पिछले दो साल से रिश्ते में थे। युवती के परिवार ने कई बार इस रिश्ते का विरोध करते हुए यवन को चेतावनी दी थी, लेकिन वह संबंध खत्म करने को तैयार नहीं था।इसी दौरान साई किरण को भी दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी मिली। वह खुद युवती से शादी करना चाहता था और उसने भी यवन को धमकी दी थी।

पुलिस ने बरामद किए हथियार और मोबाइल

पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। डीसीपी के अनुसार, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। इसके अलावा, गिरफ्तार आरोपियों का ड्रग टेस्ट भी कराया गया, जिसमें राहुल और शिवा नामक दो आरोपियों की मारिजुआना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m