लखनऊ. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. राजभर ने अखिलेश यादव को खुला पत्र लिखकर झारखंड जाने को लेकर सवाल खड़े किए हैं.
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पत्र साझा करते हुए अखिलेश यादव को ‘मित्र अखिलेश जी’ कहकर संबोधित किया. उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या उनकी कथित क्रांति सिर्फ दिल्ली तक ही सीमित है या वह झारखंड भी जाएंगे.
इसे भी पढ़ें- गजब टोपीबाज आदमी है! 7.60 करोड़ का लोन लिया, चुकाने के लिए भेज दिए ‘नकली हीरे’
‘आपकी क्रांति दिल्ली तक ही सीमित थी क्या?’
राजभर ने अपने पत्र में लिखा कि उम्मीद है अखिलेश यादव स्वस्थ होंगे और अपनी मस्ती में होंगे. इसके बाद उन्होंने सवाल किया कि इस मस्ती के दौर में क्या वह झारखंड जाने की तैयारी कर रहे हैं या नहीं. उन्होंने लिखा कि देश यह जानना चाहता है कि अखिलेश यादव की राजनीति केवल दिल्ली तक सीमित है या वह झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर भी अपनी आवाज उठाएंगे. राजभर ने उनसे सिर्फ हां या ना में जवाब देने की बात कही.
छात्र मुद्दे पर विपक्ष और सरकार आमने-सामने
बता दें कि इन दिनों संसद के मानसून सत्र में विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है. विपक्ष की ओर से सरकार से जवाब मांगा जा रहा है, वहीं एनडीए नेता विपक्ष पर पलटवार कर रहे हैं. इसी बीच झारखंड में भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मामलों को लेकर छात्रों का आंदोलन भी चर्चा में है. भाजपा नेता लगातार विपक्ष, खासकर कांग्रेस और सपा नेताओं से झारखंड के मुद्दे पर सवाल पूछ रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की खुली पोल, 15 जगहों पर सड़क खराब; NHAI ने शुरू कराया रिपेयरिंग काम
भाजपा नेताओं के निशाने पर विपक्ष
ओम प्रकाश राजभर ने अपने पत्र के जरिए अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि अगर विपक्ष वास्तव में छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर गंभीर है तो उसे झारखंड जाकर वहां के छात्रों की आवाज उठानी चाहिए. राजभर के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है. अब सबकी नजर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया पर है कि वह इस हमले का क्या जवाब देते हैं.


