लखनऊ. राजधानी लखनऊ में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान के निर्देश दिए. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से विशेष संवाद करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ खेलिए, देश और प्रदेश के लिए पदक जीतिए. उत्तर प्रदेश सरकार ऐसे खिलाड़ियों को सम्मान, पुरस्कार राशि और सरकारी नौकरी में प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है.

इसे भी पढ़ें-‘अखिलेश जी, अपने नेताओं को संभालिए!’ OP राजभर का बड़ा हमला, राजभर और दलित समाज के अपमान पर दी चेतावनी

‘सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं’, खिलाड़ियों को दिया प्रेरक संदेश

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से उनकी तैयारियों और उपलब्धियों की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है. कई खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी, तहसीलदार और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति दी जा चुकी है. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रदेश सरकार हरसंभव सहयोग देगी, लेकिन सफलता केवल कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास से ही मिलती है.

पारिवारिक विवादों में काउंसिलिंग, अधिकारियों को सख्त निर्देश

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों की काउंसिलिंग भी कराई. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का समाधान परिवार के बड़े-बुजुर्गों की मौजूदगी में आपसी संवाद से निकालने का प्रयास होना चाहिए. वहीं राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई और कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी.

बच्चों से आत्मीय मुलाकात, चॉकलेट देकर किया प्रोत्साहित

जनता दर्शन में अभिभावकों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय बातचीत की. उन्होंने बच्चों से उनका नाम और कक्षा पूछी, उन्हें चॉकलेट भेंट की और मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासित जीवन जीने तथा अपने माता-पिता और प्रदेश का नाम रोशन करने का संदेश दिया.

इसे भी पढ़ें- लखनऊ के वीआईपी जवाहर भवन में अचानक भड़की भीषण आग, मची अफरा-तफरी; डेढ़ घंटे बाद मिला काबू

जनता दर्शन के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सरकार खिलाड़ियों के सम्मान, युवाओं के प्रोत्साहन, आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सुशासन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है.