लखनऊ. लखनऊ मेट्रो के यात्रियों के लिए सफर अब पहले से अधिक स्मार्ट, आसान और सुविधाजनक हो गया है. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने मंगलवार से नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) सेवा की शुरुआत कर दी है. ‘एक देश, एक कार्ड’ की अवधारणा पर आधारित इस सुविधा का शुभारंभ यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने किया.
इसे भी पढ़ें- राम मंदिर ट्रस्ट में कौन होगा नया महासचिव? चंपत राय के बाद इन बड़े संतों के नाम सबसे आगे, आज हो सकता है बड़ा फैसला
कानपुर और आगरा के बाद अब लखनऊ में सुविधा
कानपुर और आगरा मेट्रो के बाद अब लखनऊ मेट्रो भी एनसीएमसी नेटवर्क से जुड़ गई है. इस कार्ड के जरिए यात्री न केवल लखनऊ मेट्रो, बल्कि उन सभी शहरों में मेट्रो, बस, पार्किंग और रिटेल सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे, जहां एनसीएमसी प्रणाली लागू है. इससे अलग-अलग शहरों के लिए अलग कार्ड रखने की जरूरत नहीं रहेगी.
हर यात्रा पर मिलेगा 10% डिस्काउंट
यूपीएमआरसी के अनुसार, लखनऊ मेट्रो में एनसीएमसी कार्ड से यात्रा करने पर प्रत्येक सफर में 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी. फिलहाल यात्री गो स्मार्ट कार्ड और एनसीएमसी कार्ड दोनों का इस्तेमाल कर सकेंगे. जल्द ही विशेष एक्सचेंज विंडो शुरू होगी, जहां पुराने गो स्मार्ट कार्ड को 30 दिनों के भीतर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के एनसीएमसी कार्ड में बदला जा सकेगा.
ऐसे मिलेगा NCMC कार्ड
यात्री लखनऊ मेट्रो के सभी स्टेशनों पर स्थित एयरटेल पेमेंट्स बैंक के कियोस्क या काउंटर से एनसीएमसी कार्ड प्राप्त कर सकते हैं. कार्ड जारी करने का शुल्क 100 रुपये (नॉन-रिफंडेबल) रखा गया है. मोबाइल नंबर पर ओटीपी सत्यापन के बाद कार्ड जारी किया जाएगा. इसके अलावा विभिन्न बैंक भी एनसीएमसी कार्ड जारी करते हैं.
इसे भी पढ़ें- सपा सरकार का हाल भूल गए क्या अखिलेश जी? OP राजभर का सपा सुप्रीमो पर हमला, पेपर लीक प्रदर्शन को लेकर लगाए गंभीर आरोप
क्या हैं इस कार्ड के फायदे?
एनसीएमसी कार्ड को डेबिट या क्रेडिट कार्ड की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे टिकट के लिए लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी. यह कार्ड 23 से अधिक बैंकों और विभिन्न मेट्रो नेटवर्क के साथ इंटरऑपरेबल है, जिससे यात्रियों को पूरे देश में डिजिटल और निर्बाध यात्रा का अनुभव मिलेगा.


