प्रयागराज. कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया मुद्दा गरमा गया है. कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने प्रयागराज के प्रसिद्ध स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल का नाम बदलने की मांग का समर्थन किया है.
राजभर ने कहा कि अस्पताल का नाम बदलकर अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के नाम पर किया जाना चाहिए. उन्होंने साफ किया कि इससे स्वरूपरानी नेहरू के सम्मान को कोई नुकसान नहीं होगा, बल्कि यह देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारी को सम्मान देने का प्रयास होगा.
इसे भी पढ़ें- अपने दादा जी को क्यों नहीं पूजते? ये ईसाई संस्कृति हो सकती है, भारतीय संस्कृति नहीं… BJP विधायक का राहुल पर तंज
काकोरी एक्शन की 100वीं वर्षगांठ पर उठाया मुद्दा
ओम प्रकाश राजभर ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को काकोरी एक्शन की 100वीं वर्षगांठ है और इस अवसर पर प्रयागराज की मलाका जेल, जो वर्तमान में स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के नाम से जानी जाती है, का नाम बदलकर अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के नाम पर किया जाना चाहिए.
राजभर ने कहा कि इतिहास में जिन महापुरुषों ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया, उन्हें उचित सम्मान मिलना चाहिए. उन्होंने इसे किसी के सम्मान को कम करने की बजाय एक शहीद के योगदान को याद करने का कदम बताया.
‘स्वरूपरानी जी का सम्मान हमारे दिल में’
सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें स्वरूपरानी नेहरू के नाम से कोई विरोध नहीं है. उन्होंने कहा कि स्वरूपरानी नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की मां और मोतीलाल नेहरू की पत्नी थीं. देश के लिए उनके योगदान का भी सम्मान किया जाता है. उन्होंने कहा कि नाम परिवर्तन का उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं, बल्कि ठाकुर रोशन सिंह जैसे क्रांतिकारियों को सम्मान देना है. राजभर ने कहा कि इतिहास में हुई कुछ गलतियों को सुधारने का यह सही समय है.
नेहरू परिवार पर भी साधा निशाना
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि प्रयागराज में नेहरू परिवार के नाम पर पहले से ही कई संस्थान हैं. ऐसे में किसी एक संस्थान का नाम शहीद ठाकुर रोशन सिंह के नाम पर करने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि उनके इस प्रस्ताव का समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी समर्थन कर सकते हैं. राजभर ने महाराजा सुहेलदेव का उदाहरण देते हुए कहा कि लंबे संघर्ष के बाद उन्हें सम्मान मिला.
मुख्यमंत्री योगी से करेंगे मुलाकात
राजभर ने कहा कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इस मुद्दे पर अपनी मांग रखेंगे. उन्होंने कहा कि ठाकुर रोशन सिंह ने देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते फांसी का फंदा स्वीकार किया था. उन्होंने कहा कि ऐसे महान क्रांतिकारी के नाम पर किसी बड़े संस्थान का नाम होना उनके बलिदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे पर BJP का बड़ा वार, राकेश त्रिपाठी बोले- पहले दादा की कब्र पर चढ़ाएं फूल
राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से ठीक पहले राजभर का यह बयान राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है. विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच पहले से चल रही बयानबाजी के बीच अब नाम बदलने का मुद्दा भी यूपी की सियासत में चर्चा का केंद्र बन गया है.


