लखनऊ. कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गर्म हो गई है. भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर निशाना साधा है. भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि छात्रों के मुद्दों के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश सफल नहीं होगी.

राकेश त्रिपाठी ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर वह प्रयागराज पहुंच रहे हैं तो उन्हें अपने दादा फिरोज जहांगीर की कब्र पर जाकर फूल चढ़ाने चाहिए. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने दादा को जन्मदिन और पुण्यतिथि पर याद नहीं करते, इसलिए प्रयागराज आने पर उन्हें श्रद्धांजलि जरूर देनी चाहिए.

इसे भी पढ़ें- ‘सपा गिरगिट की तरह रंग बदलती है, PDA से पंडित तक, ये कैसी राजनीति?’ अखिलेश पर मायावती का हमला

‘छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति नहीं चलेगी’

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी छात्रों और युवाओं के बीच पहुंचकर आंदोलन को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर सियासी फायदा उठाने की रणनीति काम नहीं करेगी.

राकेश त्रिपाठी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता और युवा अब पहले से ज्यादा जागरूक हैं और किसी भी राजनीतिक अभियान को समझते हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है, लेकिन इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.

BJP ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

राकेश त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं और छात्रों के हित में कई कदम उठाए हैं. शिक्षा व्यवस्था में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुविधाएं और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर काम किया गया है.

उन्होंने कहा कि सिविल सेवा समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए सरकार की ओर से बेहतर माहौल तैयार किया गया है. भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि युवा अब विकास और अवसरों के आधार पर फैसले ले रहे हैं.

राहुल गांधी के कार्यक्रम पर सियासी नजरें

राहुल गांधी का प्रयागराज दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब उत्तर प्रदेश में युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दे राजनीतिक बहस का केंद्र बने हुए हैं. कांग्रेस लगातार युवाओं के मुद्दों को उठाने की कोशिश कर रही है. वहीं भाजपा इसे राजनीतिक अभियान का हिस्सा बता रही है। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप से यूपी की सियासत में नया विवाद खड़ा हो गया है.

इसे भी पढ़ें- दहेज और सुसाइड केस में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, पति दोषमुक्त

BJP बोली- कांग्रेस को नहीं मिलेगा फायदा

राकेश त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में लगातार कमजोर हुई है और अब छात्रों व युवाओं को जोड़ने के प्रयास कर रही है. उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के कार्यक्रमों से कांग्रेस को कोई बड़ा राजनीतिक लाभ नहीं मिलेगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा विकास और अवसर चाहता है और सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है. भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी से सवाल किया कि अगर वह प्रयागराज आ रहे हैं तो उन्हें अपने परिवार की विरासत से जुड़े स्थलों पर भी जाना चाहिए.