लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मिशन 2027 की सियासी तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. सपा की ओर से ब्राह्मण वोटरों को साधने की कोशिशों के बीच बसपा सुप्रीमो मायावती ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. उन्होंने सपा की रणनीति को जातिवादी राजनीति और चुनावी स्वार्थ बताया.
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि बहुजन समाज पार्टी ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति पर काम करती है, जबकि समाजवादी पार्टी कथित तौर पर अपने राजनीतिक फायदे के लिए जातीय समीकरण बदलती रहती है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश का कहर: हाईवे बने तालाब, अंडरपास में फंसी एंबुलेंस; आगरा में 20 फीट गहरे गड्ढे में समाया मेटाडोर
जनेश्वर मिश्र जयंती और अयोध्या प्रत्याशी पर सियासी घमासान
दरअसल, समाजवादी पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज कर दी है. पार्टी ब्राह्मण समाज को जोड़ने की कोशिश में जुटी है. इसी क्रम में समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती बड़े स्तर पर मनाई गई. वहीं अयोध्या सीट से पवन पांडेय को संभावित प्रत्याशी के तौर पर आगे कर सपा ने ब्राह्मण वोट बैंक को साधने का संकेत दिया है.
इसी रणनीति को लेकर मायावती ने सपा पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सपा पहले PDA में ‘पी’ को पिछड़ा बताती थी, लेकिन अब ब्राह्मण समाज को जोड़ने के लिए ‘पी’ को पंडित बताने लगी है.
‘सपा ने राजनीतिक फायदे के लिए बदला नारा’
मायावती ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की राजनीति अवसरवादी रही है. उन्होंने कहा कि किसी समाज को चुनाव के समय आकर्षित करने से पूरे समाज का विकास नहीं हो सकता. बसपा प्रमुख ने दावा किया कि अपरकास्ट समाज, खासकर ब्राह्मण समाज, उनकी पार्टी से तेजी से जुड़ रहा है. उन्होंने कहा कि इसी वजह से सपा अब अपनी रणनीति बदलने को मजबूर हुई है.
2027 चुनाव से पहले जातीय समीकरणों की जंग तेज
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में जातीय समीकरण हमेशा अहम भूमिका निभाते रहे हैं. ऐसे में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सभी प्रमुख दल अपने-अपने वोट बैंक को मजबूत करने में जुटे हैं. सपा जहां PDA के साथ ब्राह्मण और अन्य वर्गों को जोड़ने की कोशिश कर रही है, वहीं बसपा सर्वसमाज की राजनीति को अपना आधार बता रही है. मायावती के इस हमले को यूपी की आगामी चुनावी लड़ाई की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- अतीक के बेटे अबान की आज आखिरी विदाई, पिता की कब्र के बगल में होगा दफन; जेल से जनाजे में पहुंचेंगे भाई अली-उमर
मायावती ने जनता से की सतर्क रहने की अपील
मायावती ने कहा कि मतदाताओं को ऐसी राजनीति से सावधान रहना चाहिए, जिसमें समाज के नाम पर केवल चुनावी लाभ लेने की कोशिश की जाती है. उन्होंने दावा किया कि बसपा सभी वर्गों के हितों के लिए काम करने वाली पार्टी है.


